खूंटी में पंच परगना सूड़ी संघ का परिचय सम्मेलन, अनुसूचित जाति का दर्जा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
खूंटी के सिंदरी गांव में पंच परगना सूड़ी संघ का परिचय सम्मेलन आयोजित हुआ, जहां समाज के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। संघ ने चेतावनी दी कि सूड़ी जाति को अनुसूचित जाति का दर्जा न मिलने पर सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

खूंटी जिले के सिंदरी गांव स्थित होटल आर्यवन में पंच परगना सूड़ी संघ का परिचय सम्मेलन सह सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूड़ी समाज के सभी पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सनत मंडल, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु मंडल, और प्रदेश कोषाध्यक्ष रविंद्र मंडल को अंगवस्त्र पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सनत मंडल ने समाज की एकता और संघर्ष पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "हम सभी सूड़ी एक हैं और हमें एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों के लिए लड़ाई लड़नी होगी। अगर सरकार हमारी सदियों पुरानी मांग, सूड़ी जाति को अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं देती है, तो हम सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे।"
आने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि सूड़ी समाज के लिए जो भी पार्टी टिकट देगी, उसे समर्थन दिया जाएगा, चाहे वह कोई भी पार्टी हो। साथ ही उन्होंने नारी शक्ति के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने दहेज प्रथा जैसे सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की अपील की और कहा, "हमें दहेज रूपी कलंक को हर हाल में समाज से मिटाना होगा। उसी पैसे से बेटियों को उच्च शिक्षा देकर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाना है। एक शिक्षित बेटी आने वाली पीढ़ी को भी शिक्षित कर सकती है।"
इस कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक वीरेंद्र साहू, मंटू साहू, संतोष साहू, राजीव साहू, उपेंद्र साहू, दिनेश साहू, अनूप साहू, कृष्ण मुरारी साहू, संजय साहू, खूंटी के जिला परिषद सदस्य रेखा देवी, राष्ट्रीय सूंडी समाज की ओर से प्रदेश युवा उपाध्यक्ष विश्वनाथ मंडल, सराइकेला-खरसावां जिला महामंत्री कार्तिक मंडल, गम्हरिया प्रखंड उपाध्यक्ष तपन कुमार मंडल, पूर्वी सिंहभूम के संजीत मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह सम्मेलन न केवल सूड़ी समाज के एकजुटता और संघर्ष का प्रतीक बना, बल्कि आने वाले समय में समाज के भविष्य की दिशा भी तय करने वाला है। सम्मेलन में मौजूद सभी लोगों ने समाज की प्रगति और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?






