अमरप्रीत सिंह काले की भाजपा में हो सकती है वापसी, पूर्णिमा दास को दिया आशीर्वाद
भाजपा के पूर्व प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले की पार्टी में वापसी की चर्चा जोर पर है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी जमशेदपुर दौरे पर आ रहे हैं, पार्टी में विरोध शांत करने की कोशिश करेंगे।

जमशेदपुर, 23 अक्टूबर 2024: असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा गुरुवार को जमशेदपुर दौरे पर आने वाले हैं। उनका यह दौरा मुख्य रूप से पार्टी में विरोध शांत करने और रणनीति सुधारने के लिए है। वह जमशेदपुर पश्चिम से जनता दल यूनाइटेड के विधायक और प्रत्याशी सरयू राय से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद जमशेदपुर पूर्वी में चल रहे चुनावी विरोध को कम करने की कोशिश करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले से भी हिमंता बिस्वा सरमा की मुलाकात हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि अमरप्रीत सिंह काले की फिर से भाजपा में एंट्री हो सकती है और उन्हें दोबारा सदस्यता दिलाई जा सकती है। हालाँकि, अभी तक अमरप्रीत सिंह काले या किसी अन्य नेता द्वारा इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि काले की वापसी के पीछे पार्टी की मंशा विरोधी वोटरों को साधने की है। भाजपा चाहती है कि काले जमशेदपुर पूर्वी सीट पर पार्टी की प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू के लिए काम करें।
इसके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी प्रमुख नेताओं को यह जिम्मेदारी दी है कि वे विरोधी नेताओं से बातचीत कर उन्हें पार्टी के पक्ष में लाएं। बताया जा रहा है कि अमरप्रीत सिंह काले की मुलाकात भाजपा की जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट की प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू से हुई। पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू ने काले का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर अमरप्रीत सिंह काले की पत्नी और अन्य परिजन भी मौजूद थे।
अमरप्रीत सिंह काले द्वारा पूर्णिमा दास को जीत का आशीर्वाद देने के इस कदम को भाजपा के अंदर चल रही रणनीतिक कवायद के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य पार्टी के भीतर और बाहर के विरोध को शांत करना है।
What's Your Reaction?






