जमशेदपुर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: हिरणों के सिंग और वन्य जीवों के अंगों के साथ तीन तस्कर पलामू से गिरफ्तार
जमशेदपुर वन विभाग ने पलामू से तीन तस्करों को हिरणों के सिंग और वन्य जीवों के अंगों के साथ गिरफ्तार किया। इस तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए वन विभाग ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

झारखंड में वन्यजीवों की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क बेनकाब हुआ है। जमशेदपुर वन विभाग ने इस गिरोह के तीन तस्करों को पलामू से गिरफ्तार किया है। वन विभाग की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का नेतृत्व जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी और रेंज ऑफिसर दिग्विजय सिंह ने किया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों के पास से हिरणों के सिंग और अन्य वन्य जीवों के अंग बरामद किए गए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से तेंदुए की खाल बरामद की गई थी। उन्हीं की निशानदेही पर वन विभाग ने पलामू में छापेमारी की और इन तीन तस्करों को धर दबोचा।
तस्करी नेटवर्क का खुलासा
इस गिरोह का नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार राजस्थान तक जुड़े हुए थे। गिरफ्तार तस्करों के पास से शिकार करने के उपकरण और अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें एक मिलिट्री मैन और एक पारा शिक्षक भी शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए तस्करों में जाकिर हुसैन, दिनेश्वर सिंह और विजय यादव के नाम शामिल हैं, जो सभी पलामू के निवासी हैं। वन विभाग इस गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए देश के कई हिस्सों में छापेमारी कर रहा है।
इस कार्रवाई ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान को नई दिशा दी है और वन विभाग के अधिकारियों की तत्परता की सराहना हो रही है।
What's Your Reaction?






