Saraikela School Inspection : जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कड़े निर्देश

सरायकेला जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। शिक्षकों और संकुल साधन सेवियों की अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। पढ़ें पूरी खबर।

Jan 10, 2025 - 02:31
 0
Saraikela School Inspection : जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कड़े निर्देश
Saraikela School Inspection : जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कड़े निर्देश

सरायकेला, 9 जनवरी: जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने गुरुवार को सरायकेला प्रखंड अंतर्गत चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां उजागर हुईं, जिससे अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दोषी शिक्षकों और संकुल साधन सेवियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय धोबाडीह में अनियमितताएं उजागर

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय धोबाडीह से हुई, जहां शिशु पंजी का कार्य तो पूरा पाया गया, लेकिन ग्रामीणों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि घर-घर जाकर सर्वेक्षण नहीं किया गया है। इसके अलावा, विद्यालय का किचन सह स्टोर सही ढंग से मरम्मत नहीं किया गया। किचन डिवाइस मद में प्राप्त राशि से खरीदे गए बर्तनों में भी गड़बड़ी पाई गई।

विद्यालय की संकुल साधन सेवी संचिता महतो ने जुलाई माह के बाद से विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया था। डीएसई ने संचिता महतो को शो-कॉज नोटिस जारी करने और उनका मानदेय स्थगित करने के निर्देश दिए।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाम्पड़ा में शिक्षकों की कमी

अगला निरीक्षण उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाम्पड़ा में हुआ। यहां केवल एक पारा शिक्षक को कार्यरत पाया गया। डीएसई ने तत्काल प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया। हालांकि शिशु पंजी का कार्य यहां अद्यतन पाया गया। लेकिन संकुल साधन सेवी संचिता महतो का निरीक्षण न करना एक बार फिर सामने आया।

प्राथमिक विद्यालय हाथीमंडा में दस्तावेजों की कमी

प्राथमिक विद्यालय हाथीमंडा में निरीक्षण के दौरान पारा शिक्षक उपस्थित पाए गए, जबकि प्रधान शिक्षक उमेश प्रमाणिक नगर पंचायत कार्यालय में प्रतिनियुक्त थे। पारा शिक्षक ने बताया कि सभी अभिलेख प्रधान शिक्षक के पास हैं। यह भी पाया गया कि 18 सितंबर के बाद विद्यालय का संकुल साधन सेवी द्वारा निरीक्षण नहीं किया गया है।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुली में भोजन व्यवस्था पर सवाल

निरीक्षण के क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुली में शिशु पंजी और शिक्षकों की उपस्थिति अद्यतन पाई गई। हालांकि, मध्याह्न भोजन के लिए किचन सह स्टोर उपलब्ध होने के बावजूद भोजन कक्षा में पकाया जा रहा था। प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह द्वारा लकड़ी का उपयोग किया जा रहा था, जबकि नियमानुसार एलपीजी गैस का उपयोग करना अनिवार्य है।

डीएसई कैलाश मिश्रा ने प्रधानाध्यापक को शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया। यह भी स्पष्ट हुआ कि संकुल साधन सेवी संचिता महतो ने जुलाई माह के बाद विद्यालय का अनुश्रवण नहीं किया।

सख्त कार्रवाई के निर्देश

डीएसई कैलाश मिश्रा ने कहा कि व्यवस्था में सुधार लाने और विद्यालयों की स्थिति को अद्यतन बनाए रखने के लिए औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री पोषण योजना से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री पोषण योजना के जिला प्रभारी नागेंद्र दुबे, कंप्यूटर ऑपरेटर गौतम कुमार साहू, और प्रखंड प्रभारी राजाराम महतो मौजूद रहे। उन्होंने विद्यालयों की मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति का भी जायजा लिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Team India मैंने कई कविताएँ और लघु कथाएँ लिखी हैं। मैं पेशे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हूं और अब संपादक की भूमिका सफलतापूर्वक निभा रहा हूं।