रामगढ़ में तेज रफ्तार बोलेरो ने सोहराय पर्व मना रहे लोगों को रौंदा, चार की मौत, कई घायल
रामगढ़ के पिपराजारा गांव में सोहराय पर्व के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने लोगों को रौंद दिया। हादसे में चार लोगों की मौत, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

रामगढ़, 5 नवंबर 2024: रामगढ़ जिले के पिपराजारा गांव में सोमवार की रात को तेज रफ्तार बोलेरो ने सोहराय पर्व मना रहे लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। साथ ही, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए रांची रिम्स अस्पताल भेजा गया है।
सोहराय पर्व के दौरान मची कोहराम
यह घटना उस वक्त हुई, जब गांव के लोग सोहराय पर्व के दौरान नाच-गान कर रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार बोलेरो रजरप्पा की ओर से आ रही थी, जिसने भीड़ में घुसकर कई लोगों को कुचल दिया और फिर एक पेड़ से जा टकराई।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस हादसे में जिन चार लोगों की जान गई, उनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। घायलों में 12 वर्षीय हेमंती कुमारी, 50 वर्षीय ठाकुर मनी देवी, 12 वर्षीय रुपाली कुमारी, 40 वर्षीय पार्वती देवी, 28 वर्षीय लीला देवी और बोलेरो का चालक शामिल हैं। इन सभी को गंभीर चोटें आईं हैं, जिसके कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद से गांव में गमगीन माहौल है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोला-रजरप्पा मार्ग को जाम कर दिया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही गोला थानेदार, इंस्पेक्टर, बीडीओ और सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
मृतकों के परिवारों में शोक की लहर
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोहराय पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं, और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशासन की कोशिशें और मुआवजे की मांग
जिला प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोग इस घटना के बाद से सड़कों पर सुरक्षा और गति नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?






