छठ गीतों की लोकप्रिय गायिका शारदा सिन्हा का निधन, संगीत प्रेमियों के बीच शोक की लहर
पद्मभूषण से सम्मानित और छठ गीतों की जननी, शारदा सिन्हा का निधन हो गया। उनकी मधुर आवाज से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश की जनता के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। जानें उनकी अंतिम विदाई और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके परिवार की बातचीत की जानकारी।

नई दिल्ली: छठ पर्व की प्रतिष्ठित लोक गायिका और पद्मभूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। उनकी आवाज से सजने वाले गीत ‘दुखवा मिटाईं छठी मैया’ और ‘विवाह गीत’ जैसे गानों ने भोजपुरी और मैथिली संगीत को अमर बना दिया है। पिछले कुछ दिनों से वह एम्स, दिल्ली में भर्ती थीं, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनके निधन से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के संगीत प्रेमियों के बीच गहरा शोक व्याप्त है।
शारदा सिन्हा पिछले 7 वर्षों से मल्टीपल मायलोमा (एक प्रकार का ब्लड कैंसर) से जूझ रही थीं। हाल ही में उनके बेटे अंशुमन सिन्हा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर उनकी हालत की जानकारी दी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि पीएम ने खुद एम्स के डायरेक्टर से उनकी मां की स्थिति के बारे में बात की थी। प्रधानमंत्री ने शारदा जी के स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए कहा था, “छठी मैया की कृपा होगी, संयम बनाए रखें।” परंतु, अंततः वह इस लंबी बीमारी से जूझती हुई अपनी आखिरी लड़ाई हार गईं।
शारदा सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज से ना सिर्फ छठ पर्व के महत्व को जन-जन तक पहुँचाया बल्कि भारतीय लोक संगीत में नई पहचान दी। छठ गीतों के माध्यम से उनकी लोकप्रियता इतनी अधिक बढ़ गई कि उन्हें बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के अलावा पूरे देश में मान-सम्मान मिला। अपने शानदार संगीत करियर के दौरान उन्होंने कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए, जिनमें पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण शामिल हैं।
हाल ही में उन्होंने एम्स में भर्ती होने के दौरान एक नया छठ गीत ‘दुखवा मिटाईं छठी मैया’ भी रिलीज किया था, जो उनके फैंस के लिए अंतिम संगीत भेंट बन गया। उनका निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके गानों के माध्यम से जो सांस्कृतिक धरोहर उन्होंने स्थापित की है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
What's Your Reaction?






