जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता: फरार अपराधी गणेश सिंह दो साथियों के साथ गिरफ्तार
जमशेदपुर पुलिस ने फरार अपराधी गणेश सिंह को दो साथियों के साथ कोलकाता से गिरफ्तार किया। गणेश सिंह के खिलाफ कई केस दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी।

जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फरार चल रहे मानगो निवासी गणेश सिंह को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। गणेश के साथ दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। गणेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी और आखिरकार सोमवार को सफलता मिली।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी की। तीनों को पकड़कर पुलिस अब उन्हें शहर लाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गणेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की थी, जिसमें मानगो स्थित निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स आवास पर भी छापेमारी शामिल थी। पुलिस ने वहां इश्तेहार भी चस्पा किया था। गणेश सिंह के पुराने सभी केस को पुलिस खंगाल रही है, जिसके लिए एसएसपी ने सिटी एसपी की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया था।
गणेश सिंह के खिलाफ उलिडीह थाना में पांच केस दर्ज हैं, जिनमें से दो में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि तीन में अंतिम प्रतिवेदन दिया गया है। एसएसपी ने सभी केस की पुनः जांच करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा गणेश सिंह के खिलाफ एमजीएम और टेल्को थाना में भी केस दर्ज हैं। टेल्को थाना में रंजीत सिंह सरदार हत्याकांड में गणेश सिंह के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी है। वहीं, दुमका के जरमुंडी थाना में अमरनाथ सिंह की हत्या के मामले में भी गणेश सिंह फरार था।
यह गिरफ्तारी पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है और इससे शहर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियानों को और भी बल मिलेगा।
What's Your Reaction?






