Khunti Fire Tragedy: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, छह कमरे जलकर राख, शादी के गहने समेत 10 लाख की संपत्ति तबाह
खूंटी टोली में देर रात भीषण आग, छह कमरे जलकर राख, शादी के गहने समेत 10 लाख की संपत्ति नष्ट, मुआवजे की मांग।
Khunti Devastating: झारखंड के खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 12 स्थित खूंटी टोली में सोमवार को देर रात भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस आगजनी में एक मकान के छह कमरे पूरी तरह जल गए।
रात साढ़े दस बजे लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटना रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट होने की जताई जा रही है। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही जनहानि नहीं, पर छह कमरे पूरी तरह जले
आग इतनी तेज थी कि घर के छह कमरे पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
शादी के गहने, नकदी और घरेलू सामान जलकर राख
बताया जा रहा है कि मकान मालिक सहदेव महतो ने घर किराए पर दे रखा था, जहां कई परिवार रहते थे। आगजनी से किरायेदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
किरायेदार मुनिया देवी के अनुसार, उनकी करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई, जिसमें शादी के लिए खरीदे गए गहने, नकदी और जरूरी सामान शामिल हैं।
दूसरे किरायेदार राजलो डुंगडुंग ने बताया कि समोसा और गुलगुला बेचकर जमा की गई उनकी पूरी पूंजी, जमीन के कागजात और घरेलू सामान भी आग में जल गए।
वार्ड सदस्य ने मुआवजे का दिलाया भरोसा
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। वार्ड सदस्य अनिल कच्छप ने बताया कि पीड़ितों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। झामुमो छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश महतो ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र सहायता की मांग की है।
आपकी राय क्या है – क्या सरकार को आग पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने की व्यवस्था करनी चाहिए? कमेंट में बताएं।
इस खबर को शेयर करें, ताकि लोग आग से बचाव के उपाय अपनाने के प्रति जागरूक हो सकें।
What's Your Reaction?


