Jamshedpur DC Meeting : उपायुक्त ने दी सख्त हिदायत, आजीविका संवर्धन योजनाओं में धरातल पर दिखे काम, फर्जी रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आजीविका संवर्धन योजनाओं की समीक्षा बैठक में फर्जी रिपोर्टिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। शहद, पोल्ट्री, मशरूम, सिल्क और स्थानीय कला से रोजगार बढ़ाने पर जोर।

Aug 19, 2025 - 14:13
 0
Jamshedpur DC Meeting :  उपायुक्त ने दी सख्त हिदायत, आजीविका संवर्धन योजनाओं में धरातल पर दिखे काम, फर्जी रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं
Jamshedpur DC Meeting : उपायुक्त ने दी सख्त हिदायत, आजीविका संवर्धन योजनाओं में धरातल पर दिखे काम, फर्जी रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे 16 प्रोजेक्ट की प्रगति बेहद धीमी है, इसे तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फील्ड में जाकर वास्तविक कार्य करें, फर्जी रिपोर्टिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

शहद उत्पादन पर एक करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य
बोड़ाम प्रखंड में जनजातीय समूहों द्वारा संचालित शहद उत्पादन को लेकर उपायुक्त ने कहा कि अगले एक साल में एक करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल करना होगा। इसके लिए 22 अगस्त से शुरू होने वाले चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्पादन और गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल देने को कहा गया।

वाद्य यंत्र, तेल पेराई और बांस क्लस्टर

  • अंधारझोर गांव में वाद्य यंत्र निर्माण की गुणवत्ता सुधार हेतु विशेषज्ञों, कलाकारों और उपयोगकर्ताओं के साथ कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश।

  • डुमरिया (लखाईडीह) में सामुदायिक मॉडल पर तेल पेराई मशीन लगाने की योजना।

  • बहरागोड़ा (मानुषमुड़िया) के बंबू क्लस्टर संचालन के लिए दस दिनों में विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का आदेश।

  • बहरागोड़ा में काजू प्रोसेसिंग को बड़े पैमाने पर किसानों और महिलाओं से जोड़ने की योजना।

पोल्ट्री और मशरूम उत्पादन पर जोर
पटमदा और पोटका के पोल्ट्री व्यवसाय को लेकर उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को इस साल के अंत तक महिलाओं की आय में 20% वृद्धि लाने का लक्ष्य दिया। वहीं, जेएसएलपीएस ने बताया कि जमशेदपुर सदर में मशरूम उत्पादन से जुड़े 215 लोगों को एफपीओ में पंजीकृत किया गया है। उपायुक्त ने इन्हें मार्केट लिंकज और ब्रांडिंग से जोड़ने का निर्देश दिया।

स्थानीय कला और हुनर को राष्ट्रीय पहचान
बैठक में मुसाबनी प्रखंड के सिल्क प्रोजेक्ट, घाटशिला के वुड कार्विंग, डोकरा आर्ट और पैटकर पेंटिंग पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय संसाधन, कला और हुनर को रोजगार से जोड़कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की ठोस योजना बनानी होगी।

 बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सहकारिता, कृषि, पशुपालन, उद्योग विभाग, जेएसएलपीएस के पदाधिकारी/प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Team India मैंने कई कविताएँ और लघु कथाएँ लिखी हैं। मैं पेशे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हूं और अब संपादक की भूमिका सफलतापूर्वक निभा रहा हूं।