Jharkhand IED Blast : सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के 2 जवान घायल
झारखंड के सारंडा जंगल में शुक्रवार को IED विस्फोट हुआ। इसमें कोबरा बटालियन के 2 जवान घायल हुए जिन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल में शुक्रवार सुबह बड़ा नक्सली हमला हुआ। हिंदूउली के पास बीहड़ दीघा इलाके में हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 10:40 बजे की बताई जा रही है।
गश्ती के दौरान हुआ हमला
सूत्रों के अनुसार, कोबरा बटालियन के जवान नक्सलियों के खिलाफ लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (LRP) पर निकले थे। इसी दौरान सुरक्षाबल नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गए। धमाका इतना तेज था कि दो जवान मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।
एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची
घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को सारंडा जंगल से निकालकर बाहर लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
हालांकि, अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस और सीआरपीएफ सूत्रों ने एयरलिफ्ट की तैयारी की जानकारी दी है।
नक्सली सक्रियता बनी चुनौती
सारंडा का इलाका लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यहां भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा और अनमोल समेत कई हार्डकोर नक्सली सक्रिय हैं।
नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को रोकने के लिए जंगलों में जगह-जगह आईईडी बिछा रखे हैं। यही वजह है कि न केवल जवान बल्कि कई बार स्थानीय ग्रामीण भी इन धमाकों की चपेट में आ चुके हैं।
लगातार जारी है अभियान
पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है। सारंडा जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सलियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?






