Nepal Flood landslide - नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही: 112 की मौत, सैकड़ों लापता
नेपाल में भारी बारिश से तबाही, 112 की मौत और सैकड़ों लोग लापता। काठमांडू सहित कई जिलों का संपर्क टूटा, विमान सेवाएं और सड़क मार्ग बंद।

नेपाल में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन ने देशभर में तबाही मचा दी है। 24 सितंबर 2024 से लगातार हो रही बारिश की वजह से अब तक 112 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ की वजह से सौ से अधिक लोग लापता हैं।
काठमांडू और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति सबसे गंभीर है। राजधानी का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ है। इसके अलावा, काठमांडू का सड़क संपर्क भी अन्य जिलों से टूट गया है। सड़कों पर पानी भरने और भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह से बंद है।
भारी बारिश के चलते काठमांडू सहित देश के सभी हवाई अड्डों को बंद करना पड़ा है। बिजली के पोल गिरने से कई जगहों पर बिजली की सप्लाई बाधित है, जिससे इंटरनेट सेवा भी प्रभावित हुई है। सरकार के अनुसार, पिछले 24 घंटे में नेपाल में रिकॉर्ड 323 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसकी वजह से अकेले 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, और सैकड़ों लोग घायल हैं।
भूस्खलन के कारण 48 राजमार्ग बंद हो गए हैं। काठमांडू को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले सभी मुख्य मार्ग बंद हैं। कई जिलों का राजधानी से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में कठिनाई हो रही है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की चपेट में आई बसों में यात्रियों की भी मौत की खबरें आ रही हैं।
शुक्रवार शाम से लेकर अब तक कई यात्री वाहक बसें फंसी हुई हैं। शनिवार को दो बसों के भूस्खलन की चपेट में आने से 14 शव बरामद हुए। कई यात्रियों का अब तक कोई पता नहीं चला है।
खराब मौसम के चलते सभी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। शनिवार को कई उड़ानों को भारत की तरफ डाइवर्ट करना पड़ा। हालांकि रविवार सुबह कुछ विमान उड़ान भरने में सफल हुए, लेकिन यात्री समय पर विमानस्थल नहीं पहुंच पाए।
गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि बाढ़ और बारिश के कारण नेपाल के 15 बड़े पुल टूट चुके हैं। इनमें नेपाल और चीन को जोड़ने वाले दो महत्वपूर्ण बेलीब्रिज भी शामिल हैं।
What's Your Reaction?






