Latehar Naxal Arrest: मनिका जंगल से एके-47-एसएलआर समेत दो नक्सली गिरफ्तार, 318 कारतूस बरामद
मनिका जंगल में JJMP के दो नक्सली गिरफ्तार, एके-47, दो SLR राइफल और 318 कारतूस बरामद, बड़ी साजिश नाकाम।
Latehar Big Action: लातेहार पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ एक और सफलता हाथ लगी है। मनिका थाना क्षेत्र के कुरुमखेता जंगल में छापेमारी कर नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
एके-47, दो एसएलआर राइफल और 318 कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक एके-47 राइफल, दो एसएलआर राइफल, 318 जिंदा कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है, जो किसी बड़ी वारदात की तैयारी की ओर इशारा करती है।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के नक्सली कुरुमखेता जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और जंगल में छापेमारी की गई।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान महादेव सिंह (लातेहार) और मनोज लोहरा (पलामू) के रूप में हुई है। पुलिस बल को देखते ही नक्सली भागने लगे, लेकिन सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
नक्सली गतिविधियां कमजोर, पुलिस का अभियान जारी
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि जिले में नक्सली गतिविधियां काफी कमजोर हो चुकी हैं। हालांकि कुछ बचे हुए नक्सली नए लोगों को जोड़कर संगठन को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार अभियान के कारण उनके मंसूबे पर पानी फिर गया है।
'नई दिशा' कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील
एसपी ने क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों से अपील की कि वे सरकार के 'नई दिशा' कार्यक्रम का लाभ उठाएं, आत्मसमर्पण करें और समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सामान्य जीवन व्यतीत करें।
आपकी राय क्या है – क्या पुलिस की इस कार्रवाई से लातेहार में नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लग पाएगी? कमेंट में बताएं।
इस खबर को शेयर करें, ताकि लोग पुलिस की इस बड़ी सफलता के बारे में जान सकें।
What's Your Reaction?


