पीएसआई-इंडिया बनी देश की पहली ‘हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क’ स्वयंसेवी संस्था
पीएसआई-इंडिया को लखनऊ में 'हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क' का सम्मान मिला। यह उपलब्धि कर्मचारी संतोष और सकारात्मक कार्यस्थल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

लखनऊ, 10 सितंबर 2024: पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल-इंडिया (पीएसआई-इंडिया) ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। इसे देश की पहली स्वयंसेवी संस्था के रूप में ‘हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क’ का प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणपत्र हैपीनेस रिसर्च एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड ने संस्था को प्रदान किया है। यह मान्यता जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक के लिए मान्य है।
पीएसआई-इंडिया के एक्जेक्युटिव डायरेक्टर मुकेश कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि यह संस्था के लिए गर्व का पल है। शर्मा ने बताया कि पीएसआई-इंडिया को ‘हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क’ का सम्मान प्राप्त करना एक बड़ी उपलब्धि है। यह प्रमाणपत्र संस्था के कर्मचारी कल्याण और सकारात्मक कार्यस्थल संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शर्मा ने बताया कि पीएसआई-इंडिया ने हमेशा अपने कर्मचारियों को एक पारिवारिक माहौल प्रदान किया है। उनकी सुख-सुविधाओं और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाता है। एक उदाहरण के रूप में, हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों के दौरान, संस्था ने अपने कर्मचारियों की मतदान सुविधा का पूरा ध्यान रखा। जो कर्मचारी मतदान स्थल से दूर अन्य जिलों में कार्यरत थे, उन्हें मतदान वाले शहर में आने-जाने की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही, मतदान दिवस के अवकाश के साथ एक अतिरिक्त दिन काम करने की सुविधा भी प्रदान की गई। इस सहयोग के लिए कर्मचारियों ने संस्था की सराहना की और इसे सरकार के मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।
पीएसआई-इंडिया की यह उपलब्धि न केवल संस्था की मेहनत को दर्शाती है बल्कि यह भी साबित करती है कि सकारात्मक और सुखद कार्यस्थल का निर्माण करना संभव है। शर्मा ने आश्वस्त किया कि संस्था इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी और देश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का कार्य करती रहेगी।
What's Your Reaction?






