Asia Cup 2025: क्या Sanju Samson तोड़ेंगे MS Dhoni का बड़ा रिकॉर्ड?
एशिया कप 2025 में Sanju Samson पूर्व कप्तान MS Dhoni का टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। जानिए कैसे उनकी शानदार फॉर्म उन्हें इतिहास रचने का मौका दे रही है।
आगामी एशिया कप 2025 में भारत की नजरें सिर्फ खिताब पर नहीं, बल्कि रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियों पर भी होंगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेलते हुए पूर्व कप्तान एमएस धोनी का बड़ा टी20 रिकॉर्ड तोड़ने के करीब खड़ी है। यह रिकॉर्ड है टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का। धोनी ने अपने करियर में 85 मैचों में 52 छक्के लगाए थे, जिसे अब संजू सैमसन तोड़ सकते हैं।
संजू सैमसन की फॉर्म इस समय शानदार है। हाल ही में केरल लीग में उन्होंने पांच मैचों में 30 छक्के जड़कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 368 रन बनाए, जिसमें 24 चौके और 30 छक्के शामिल थे। उनके चार अर्धशतक और एक शतक ने उन्हें फॉर्म में सबसे आगे रखा। उनका स्ट्राइक रेट 186 रहा, जो टी20 के लिए काबिल-ए-तारीफ है।
फिलहाल संजू के नाम टी20 में 36 छक्के हैं और वे धोनी से सिर्फ 17 छक्के दूर हैं। उनके बाद ऋषभ पंत का नाम आता है, जिन्होंने 35 छक्के लगाए हैं। ऐसे में अगर संजू सैमसन एशिया कप में फॉर्म बरकरार रखते हैं तो वे यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
हाल ही में संजू के ‘नो लुक सिक्स’ ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। जब वह फॉर्म में होते हैं तो उनके सामने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ जाती हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और ताकतवर शॉट्स उन्हें खास बनाते हैं।
भारत की टीम बुधवार को दुबई में अपना अभियान शुरू करेगी। संजू भी टीम का हिस्सा हैं और इसी कारण उन्होंने केरल लीग को बीच में छोड़ दिया। अब उनकी बल्लेबाजी पर हर किसी की नजर होगी। यह अभी तय नहीं है कि उन्हें किस नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिलेगा, लेकिन यह तय है कि टीम को उनकी जरूरत है।
पिछले एक साल में उन्होंने भारतीय टीम के लिए 12 टी20 मैचों में तीन शतक जड़े हैं। उनकी लगातार बढ़ती फॉर्म उन्हें एशिया कप में धमाल मचाने के लिए तैयार कर रही है। सवाल यह है कि क्या संजू सैमसन धोनी का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास बना पाएंगे? क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब इसी पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?


