Jamshedpur Crime: पत्नी को देह व्यापार में धकेलने में नाकाम पति ने किया चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जमशेदपुर के गोलमुरी में दिल दहला देने वाली घटना। पत्नी को देह व्यापार में धकेलने में नाकाम पति ने चाकू से हमला किया। महिला गंभीर हालत में, पुलिस ने दर्ज की FIR।
गोलमुरी थाना क्षेत्र के ट्यूलाडूंगरी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की। पत्नी के विरोध करने पर आरोपी पति ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेम विवाह के बाद खुला राज
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने तीन साल पहले प्रेम विवाह कर आकाश कांत लाल से शादी की थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसे पता चला कि आकाश और उसका परिवार लंबे समय से देह व्यापार के धंधे में शामिल है। पति युवतियों को इस धंधे में धकेलकर कमाई करता था।
हाल ही में आकाश उसे चाईबासा ले गया और देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाने लगा। लेकिन महिला ने सख्त विरोध किया और वहां से लौट आई। इसी बात को लेकर पति गुस्से में आ गया और उसने प्रताड़ना शुरू कर दी।
चाकू से कई वार
पीड़िता ने बताया कि बीते दिन आरोपी पति ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद चाकू से उसके चेहरे, प्राइवेट पार्ट और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। किसी तरह वह जान बचाकर भागी और सोनारी स्थित मायके पहुंची। वहां उसने पूरी घटना परिवार को बताई। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए।
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
शुक्रवार को महिला अपने परिजनों के साथ गोलमुरी थाना पहुंची। वहां उसने पति आकाश कांत लाल, सास और ससुर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका पति पहले भी इस धंधे में शामिल रहने के कारण कई बार जेल जा चुका है।
उसका कहना है कि पति और ससुराल वाले लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?


