Jamshedpur Firing : अवैध हब्बा-डब्बा खेल के विवाद में युवक ने मचाया तांडव, ट्रैक्टर से रौंदी बाइकें, हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

क्या जमशेदपुर में अवैध जुआ अब खुलेआम हिंसा और फायरिंग का कारण बन गया है? बिरसानगर के हुरलुंग हाट बाजार में हुई सनसनीखेज घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Jan 29, 2026 - 23:38
 0
Jamshedpur Firing  : अवैध हब्बा-डब्बा खेल के विवाद में युवक ने मचाया तांडव, ट्रैक्टर से रौंदी बाइकें, हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
Jamshedpur Firing : अवैध हब्बा-डब्बा खेल के विवाद में युवक ने मचाया तांडव, ट्रैक्टर से रौंदी बाइकें, हवाई फायरिंग से इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरलुंग इलाके में गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब साप्ताहिक हाट बाजार में चल रहे अवैध हब्बा-डब्बा खेल के दौरान हुआ विवाद हिंसक झड़प और हवाई फायरिंग में तब्दील हो गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हुरलुंग पंचायत भवन के पास साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था। इसी बाजार में खुलेआम अवैध हब्बा-डब्बा जुए का खेल चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान नशे की हालत में एक युवक वहां पहुंचा और खेल के संचालकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई, जिसके बाद युवक गुस्से में वहां से चला गया।

हालांकि, मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद युवक ट्रैक्टर लेकर वापस लौटा और बाजार में खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर से रौंद दिया। अचानक हुई इस घटना से बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे और कुछ ही मिनटों में पूरा मैदान खाली हो गया।

स्थिति और भयावह तब हो गई जब युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की भी सूचना सामने आई। फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोग डर के मारे अपने-अपने घरों में दुबक गए और दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं।

घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों का जायजा लिया। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस घटना को लेकर जब बिरसानगर थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध जुए के नेटवर्क और फायरिंग के पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

हुरलुंग हाट बाजार में हुई इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध जुए पर पुलिस नियंत्रण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और भी भयावह रूप ले सकती हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Team India मैंने कई कविताएँ और लघु कथाएँ लिखी हैं। मैं पेशे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हूं और अब संपादक की भूमिका सफलतापूर्वक निभा रहा हूं।