सरायकेला में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम—117 स्मार्टफोन वापस, फरियादियों के चेहरे खिले!
झारखंड पुलिस द्वारा सरायकेला में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में 117 स्मार्टफोन लौटाए गए। त्वरित न्याय और ऑन-द-स्पॉट समाधान से फरियादियों ने पुलिस का आभार जताया।

शुक्रवार, 20 सितंबर 2024 को झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सरायकेला टाउन हॉल में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के एसएसपी मुकेश कुमार लुणायत, डालसा सचिव तौशिफ़ मिराज, सदर एसडीओ सुनील कुमार प्रजापति, एसडीपीओ चांडिल सुनील कुमार रजवार और मुख्यालय डीएसपी प्रदीप उरांव ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सभी अतिथियों ने अपने विचार रखे। जिले के सभी थानों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोग अपनी समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज करवा सकते थे। कई मामलों का समाधान वहीं मौके पर ही किया गया, जिससे लोगों को त्वरित न्याय मिला।
इस कार्यक्रम में जिले के 117 स्मार्टफोन धारकों को उनके गायब फोन वापस किए गए। फोन मिलने पर सभी धारक बहुत खुश हुए और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। कई फरियादियों ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, जिनकी शिकायतें लंबे समय से रुकी हुई थीं और जिन्हें न्याय की उम्मीद नहीं थी।
कार्यक्रम में कई लोग ऐसे भी आए जो परिवार में प्रताड़ना के शिकार थे। कुछ लोग जमीन से संबंधित समस्याओं को लेकर भी आए। एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने खुद फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि यह कार्यक्रम झारखंड पुलिस का एक सार्थक प्रयास है। इससे लंबित मामलों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 दिनों बाद सभी मामलों की समीक्षा की जाएगी और थाना स्तर पर मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
एसएसपी लुणायत ने जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए कई प्रयोग किए हैं, जिनके अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच भरोसा बढ़ाने का एक सफल प्रयास साबित हो रहे हैं।
साथ ही, उन्होंने लोगों को ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। इस तरह के समाधान कार्यक्रम पुलिस की ओर से न्याय दिलाने के महत्वपूर्ण साधन साबित हो रहे हैं।
What's Your Reaction?






