Jharkhand Monsoon : झारखंड में मानसून फिर से सक्रिय, रांची समेत कई जिलों में बारिश जारी
झारखंड में मानसून फिर से सक्रिय, रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के कारण मौसम रखा गीला। तापमान में गिरावट और बारिश का सिलसिला जारी।
रांची, 3 सितंबर 2025 झारखंड समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची और अन्य जिलों में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से लेकर शुक्रवार तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। मंगलवार को बारिश के कारण रांची में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में लगभग छह डिग्री कम है। वहीं गोड्डा में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा।
राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों में अच्छी बारिश हुई। पलामू में सबसे अधिक 78.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा गढ़वा में 59 मिमी, गुमला में 49.1, पूर्वी सिंहभूम में 48.4, पाकुड़ में 32, धनबाद में 31.6, पश्चिमी सिंहभूम में 27, खूंटी में 26.8 और बोकारो में 26 मिमी बारिश हुई। वहीं रांची में 7.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव आज और अगले 24 घंटों में ओड़िशा से होकर गुजरेगा, जिसके कारण मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश जारी रहेगी। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी भाग में स्थित निम्न दबाव क्षेत्र मंगलवार को भी अपनी जगह पर बना हुआ व्यापक होता रहेगा, जिससे रांची समेत आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होगी।
बारिश के साथ ही मानसून ट्रफ का भी राज्य के मौसम पर असर है। मानसून ट्रफ बीकानेर, जयपुर, दतिया, सीधी, झारसुगुड़ा और पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव से जुड़ा हुआ है। यह ट्रफ ओड़िशा के उत्तर भाग से गुजरते हुए पूरे राज्य में बारिश की संभावना बढ़ाता है।
What's Your Reaction?


