Chaibasa Double Murder : रायको नदी किनारे मिली युवती की लाश, पति पर हत्या का आरोप, डैम से मिला दूसरा शव
चाईबासा के चितपिल गांव में 22 वर्षीय महिला की गला काटकर हत्या, शव रायको नदी किनारे फेंका गया। परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप।
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले से दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। टोकलो थाना क्षेत्र के चितपिल गांव में 22 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर शव को रायको नदी किनारे फेंक दिया गया। वहीं, इसी थाना क्षेत्र के बाघमारा डैम से एक युवक का नंगा शव बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
बाजार जाने के बहाने निकली, लेकिन लौटकर नहीं आई
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सीमा महतो (22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका पति रतन मुंडा है। सीमा गुरुवार दोपहर अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह झरझरा हाट बाजार जा रही है। लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो उसके पिता और भाई ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को दोपहर में कुछ ग्रामीणों ने रायको नदी किनारे एक महिला का शव देखा। सूचना मिलते ही टोकलो पुलिस मौके पर पहुंची और देर शाम शव को बरामद कर थाना ले आई।
गला काटकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, महिला के गर्दन पर गंभीर जख्म के निशान पाए गए हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या की गई है। शव की हालत को देखते हुए लग रहा है कि हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया। देर रात परिजनों को शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वे टोकलो थाना पहुंचे और शव की पहचान सीमा महतो के रूप में की।
पति पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता विनोद महतो ने बताया कि उनकी बेटी हाल ही में अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ मायके चितपिल आई थी। उसका ससुराल खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के काडुरुडीह गांव में है। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को झरझरा हाट जाने से पहले सीमा ने अपने पति रतन मुंडा से फोन पर बात की थी। उसके बुलाने पर ही वह वहां गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों का कहना है कि इस हत्याकांड में पति के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
बाघमारा डैम से मिला दूसरा शव
वहीं, टोकलो थाना क्षेत्र के बाघमारा डैम में एक युवक की हत्या कर लाश फेंक दी गई है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शव पर कोई कपड़ा नहीं था। युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दो हत्याओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि रायको नदी किनारे से महिला का शव बरामद किया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। दूसरे शव की पहचान के लिए भी जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोनों मामलों में दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में मातम और आक्रोश
सीमा महतो की हत्या की खबर सुनते ही चितपिल गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, बाघमारा डैम में मिले शव को लेकर भी लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की अपील की है।
चाईबासा की इन दो जघन्य हत्याओं ने हर किसी की नींद उड़ा दी है। क्या हमारे शहर और गांव सुरक्षित हैं? यह खबर पढ़कर सावधान हो जाइए और अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसे ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि हत्यारों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
What's Your Reaction?


