जमशेदपुर दुर्गा पूजा मैदान में हंगामा, भाजपा नेता अभय सिंह पर मारपीट और अपहरण का आरोप
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा मैदान में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में चार लोग घायल हो गए। भाजपा नेता अभय सिंह पर अपहरण और मारपीट का आरोप लगाया गया।

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर 2024 – रविवार रात जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित दुर्गा पूजा मैदान में भारी हंगामा हुआ। दो पक्षों के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एमजीएम और टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
एक पक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अभय सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने धर्मेंद्र नामक युवक को अपहरण कर उसकी पिटाई की। घायल धर्मेंद्र का कहना है कि वह दुर्गा पूजा पंडाल के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी अभय सिंह और उनके समर्थक आए। उन्होंने धर्मेंद्र को जबरदस्ती वहां से उठाकर ले गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
वहीं, भाजपा नेता अभय सिंह ने इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि धर्मेंद्र और उसके साथी पहले भी गोलगप्पे वाले से मारपीट कर चुके थे। इस बार भी उन्होंने पैसे दिए बिना गोलगप्पे खाए, और जब पैसे मांगे गए, तो गोलगप्पे वाले का सिर फोड़ दिया। यह देख पिंटू नामक एक युवक बीच-बचाव करने गया, लेकिन उसे भी मारपीट का शिकार होना पड़ा। इस पर भीड़ भड़क गई और धर्मेंद्र सहित उसके साथियों की पिटाई कर दी।
घटना के बाद धर्मेंद्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसके बाकी साथी भाग निकले। पुलिस ने धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर साकची थाना में शिकायत दर्ज की है।
इस बीच, धर्मेंद्र के भाई रविंद्र यादव ने भाजपा नेता अभय सिंह, उनके भाई दिलीप सिंह, निर्भय सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और चेन छीनने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?






