DGP Om Prakash Murder: DGP ओम प्रकाश की चौंकाने वाली हत्या: पत्नी ने मिर्च पाउडर फेंककर की वारदात, मानसिक बीमारी बनी वजह?
क्या पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या उनकी पत्नी ने मानसिक बीमारी के चलते की? बेंगलुरु में हुई इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह क्या है? जानें पूरा मामला।

रविवार, 20 अप्रैल को बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की डेड बॉडी उनके ही घर में मिली। वह 68 साल के थे। शुरुआती जांच में यह मामला मर्डर का निकला।
पति-पत्नी में झगड़ा बना हत्या की वजह?
सूत्रों के मुताबिक, रविवार दोपहर ओम प्रकाश और उनकी पत्नी पल्लवी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद मामला हिंसक हो गया।
एक रिपोर्ट के अनुसार, पल्लवी ने पहले ओम प्रकाश पर मिर्च पाउडर फेंका। फिर उन्हें बांध दिया और चाकू से कई बार हमला किया। यही नहीं, कांच की बोतल से भी हमला किया गया।
12 साल से बीमार थीं पत्नी पल्लवी
बेटे कार्तिकेश ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए बताया कि उनकी मां पल्लवी पिछले 12 साल से सिजोफ्रेनिया (एक मानसिक बीमारी) से जूझ रही थीं। उनका इलाज लगातार चल रहा था।
परिजनों ने भी पुष्टि की कि पल्लवी को भ्रम होते थे। वह अक्सर कहती थीं कि उनके पति उन पर हमला कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया था कि ओम प्रकाश घर में बंदूक लेकर घूमते हैं।
हत्या के बाद 'मैंने राक्षस को मार दिया' कहा
सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद पल्लवी ने एक पुलिस अधिकारी की पत्नी को फोन कर कहा - "मैंने राक्षस को मार दिया।"
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पल्लवी और उनकी बेटी को हिरासत में लिया गया। दोनों से करीब 12 घंटे पूछताछ की गई।
चाकू के कई घाव, संपत्ति विवाद की भी चर्चा
ओम प्रकाश के शरीर, छाती और पेट पर चाकू के कई घाव मिले। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ओम प्रकाश ने अपनी संपत्ति किसी रिश्तेदार के नाम ट्रांसफर की थी।
इसी बात को लेकर दोनों में अकसर झगड़े होते थे। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्या में बेटी की कोई भूमिका थी या नहीं।
बेटे की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस ने बेटे कार्तिकेश की शिकायत पर केस दर्ज किया है। बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 4 बजे उन्हें इस घटना की सूचना मिली थी।
गृह मंत्री का बयान
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा - "यह साफ है कि यह हत्या है। शुरूआती जांच में पत्नी का नाम सामने आ रहा है, लेकिन हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं।"
ओम प्रकाश कौन थे?
ओम प्रकाश 1981 बैच के IPS अधिकारी थे। वे बिहार के रहने वाले थे। उन्होंने हरपनहल्ली में ASP के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उन्होंने CID, लोकायुक्त, फायर और इमरजेंसी विभागों में DIG के रूप में काम किया।
वह मार्च 2015 में कर्नाटक के DGP बने और 2017 में रिटायर हुए।
इस दर्दनाक घटना ने सबको चौंका दिया है। क्या यह मानसिक बीमारी का नतीजा था या संपत्ति विवाद की गहरी साजिश? पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?






