Chakulia Murder Case: चाकुलिया में डायन-बिसाही के आरोप में वृद्धा की गला रेतकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चाकुलिया के धानघोरी गांव में 60 वर्षीय महिला सिंगों किस्कू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपी कृष्णा हेम्ब्रम ने वृद्धा पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के माटियाबांधी पंचायत अंतर्गत धानघोरी गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना घटी। गांव की वृद्ध महिला सिंगों किस्कू की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर कर दी गई।
इस हत्या को अंजाम गांव के ही युवक कृष्णा हेम्ब्रम (33 वर्ष) ने दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
डायन-बिसाही का आरोप बना वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वृद्धा पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए हमला किया और उसकी जान ले ली। इस वजह से गांव में भारी तनाव का माहौल है।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी कृष्णा हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया। उसे थाना में कांड संख्या 56/2025 के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बढ़ती चुनौती
ग्रामीणों व सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में आज भी अंधविश्वास और टोना-टोटका के नाम पर निर्दोष लोगों की जान जा रही है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।
What's Your Reaction?


