लाल बाबा फाउंड्री के मामले में अभय सिंह ने प्रशासन को दी चेतावनी: जमशेदपुर की जनता का समर्थन
लाल बाबा फाउंड्री के मामले में बीजेपी नेता अभय सिंह ने प्रशासन को चेतावनी दी है। जानें क्या कहा उन्होंने और इस मुद्दे पर जमशेदपुर के लोगों की क्या प्रतिक्रिया है।

27 सितंबर 2024 को सुबह 9:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह कैलाश नगर पहुंचे। यह स्थान लाल बाबा फाउंड्री के विवाद का केंद्र बन गया है। यहां व्यवसायियों के द्वारा लगाए गए मंच पर अभय सिंह ने अपने विचार रखे।
अभय सिंह ने कहा कि सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो यह मामला केवल लाल बाबा फाउंड्री का नहीं, बल्कि पूरे जमशेदपुर का होगा। उन्होंने कहा, "जो भी माननीय न्यायालय का आदेश है, वह आज के दिन में भ्रमित है। मैं कानून का सम्मान करता हूं, लेकिन यहां वर्षों से रहने वाले नागरिकों के साथ अन्याय हो रहा है।"
उन्होंने कहा कि अगर न्यायालय का निर्णय हुआ, तो कई लोग उजड़ जाएंगे। यह भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। अभय सिंह ने यह भी कहा कि "आज वहां पर लाल बाबा फाउंड्री नहीं है, बल्कि वहां का डेमोग्राफी चेंज हो चुका है।"
लाल बाबा फाउंड्री के विरोध में कारपेट कंपनी ने न्यायालय का रुख किया है, जबकि वहां पिछले 50 वर्षों से आम नागरिक बसे हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि सच्चाई को न्यायालय में बताया जाए और आम बस्तीवासियों को भी पार्टी में शामिल किया जाना चाहिए।
अभय सिंह ने कहा कि यह मामला कैलाश नगर का है, जो वर्षों से बसी हुई बस्ती है। अगर किसी प्रकार की कार्रवाई होती है, तो यह पूरी जमशेदपुर के लिए महत्वपूर्ण होगा। भारतीय जनता पार्टी जनता के साथ सड़कों पर उतरेगी।
उन्होंने आगे कहा, "हमने जिला प्रशासन से कहा कि हिंदुओं का महान पर्व दुर्गा पूजा नजदीक है। इस समय किसी भी प्रकार का उजाड़ना गलत होगा।" उन्होंने यह भी बताया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाया जा रहा है, लेकिन वर्षों से बसे नागरिकों को उजाड़ा जा रहा है।
अभय सिंह ने कहा, "यहां आज लाल बाबा फाउंड्री नहीं है, बल्कि बरसों से बसे लोग हैं। अगर प्रशासन ने न्यायालय को सही स्थिति नहीं बताई, तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है।"
उन्होंने अंत में सभी आंदोलनकारियों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री सुधांशु ओझा समेत सभी कार्यकर्ताओं का समर्थन व्यक्त किया।
What's Your Reaction?






