Karni Sena Jamshedpur : जमशेदपुर में खून की होली: करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की दिनदहाड़े हत्या, क्षत्रिय समाज में उबाल
जमशेदपुर में करणी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की बालीगुमा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 48 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में जुटी है, वहीं क्षत्रिय समाज में आक्रोश चरम पर है।

जमशेदपुर:
झारखंड का औद्योगिक शहर अब अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनता जा रहा है। 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी वारदात ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। ताज़ा मामला बालीगुमा का है, जहां श्री राजपूत करणी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, विनय सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ मानगो से लौट रहे थे। जैसे ही वह 'मिनी पंजाब' होटल के पास वाली गली में प्रवेश कर रहे थे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। उन्हें नजदीक से गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
विनय सिंह जमशेदपुर के सहारा सिटी, मानगो के निवासी थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के ज़रिए सुराग खोजने में लगी है।
क्षणों में बिखर गया नेतृत्व:
विनय सिंह करणी सेना के तेज़तर्रार और प्रभावशाली नेता माने जाते थे। उनकी हत्या से न केवल संगठन को गहरा झटका लगा है, बल्कि पूरे क्षत्रिय समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
शहर में बढ़ता अपराध – प्रशासन मौन?
यह वारदात ऐसे समय पर हुई है जब शहर पहले से ही अपराध की आग में जल रहा है। दो दिन पहले भी एक बड़ी आपराधिक घटना ने शहर को दहला दिया था। सवाल यह उठता है कि क्या अपराधियों को अब पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है?
What's Your Reaction?






