श्रावणी मेला 2024 का भव्य शुभारंभ: जानें कैसे मिलेगी कांवरियों को हर सुविधा!
झारखंड के मंत्री मिथलेश ठाकुर और दीपिका पाण्डेय सिंह ने संयुक्त रूप से श्रावणी मेला 2024 का शुभारंभ किया। जानें, कैसे कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा जाएगा ध्यान। #श्रावणीमेला #झारखंड #बाबाबैद्यनाथ #कांवरिया #देवघर

झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथलेश कुमार ठाकुर और कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता तथा आपदा प्रबंधन विभाग की मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने संयुक्त रूप से श्रावणी मेला 2024 का शुभ उद्घाटन किया। इस अवसर पर झारखंड सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा के साथ मेला का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मंत्री मिथलेश ठाकुर ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि पवित्र श्रावणी मेला का शुभारंभ आज से हो रहा है। कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन देवतुल्य श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है। यह हम सभी के लिए अपनी जिम्मेदारियों को समझने और अपने पुनीत कर्तव्य का पालन करने का अवसर है। देवघर अपने भव्य स्वरूप के साथ बाबाधाम आने वाले सभी कांवरियों के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना श्रद्धालुओं की आने की संभावना है।
कार्यक्रम में दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला राज्य ही नहीं, देश में एक विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि देवघर आने वाले कांवरियों को सुविधा और सरलता से जलार्पण करवाया जाए ताकि वे एक सुखद अनुभव के साथ अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि मेला में आने वाले कांवरियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक नारायण दास ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि राजकीय श्रावणी मेला में बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले, यह हम सभी की कामना है। देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर ने स्वागत भाषण में सभी मंत्री, अतिथियों और देवतुल्य श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेला में की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं का परिचय दिया। उप विकास आयुक्त नवीन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव मनोज कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडूग, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर सागरी बराल, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर आशीष अग्रवाल, जिला नजारत उपसमाहर्ता शैलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार विद्यार्थी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?






