सरयू राय फिर से "गैस सिलेंडर" चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव, JDU को मिला पुराना प्रतीक
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में जनता दल यूनाइटेड (JDU) सरयू राय को "गैस सिलेंडर" चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतारेगा। निर्वाचन आयोग ने यह चिन्ह जदयू को आवंटित कर दिया है।

जमशेदपुर, 16 अक्टूबर 2024: झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) को "गैस सिलेंडर" चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। यह चुनाव चिन्ह पहले भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) का था। भाजमो का जदयू में विलय होने के बाद निर्वाचन आयोग ने यह प्रतीक जदयू को दे दिया है। इसी चिन्ह के साथ जदयू के नेता सरयू राय जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि सरयू राय ने 2019 के विधानसभा चुनावों में भी "गैस सिलेंडर" चिन्ह पर ही चुनाव लड़ा था। उस समय उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को हराकर एक बड़ी जीत हासिल की थी। इस बार भी वे उसी चिन्ह से मैदान में उतरने जा रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के सचिवालय की अंडर सेक्रेट्री जसमीत कौर ने 16 अक्टूबर 2024 को झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी को इस संबंध में एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने बताया कि जदयू ने आगामी चुनावों के लिए "गैस सिलेंडर" चिन्ह की मांग की थी। आयोग ने उनकी मांग पर सहमति जताते हुए यह चिन्ह आवंटित कर दिया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनता दल यूनाइटेड पार्टी बिहार, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में मान्यता प्राप्त पार्टी है। इन राज्यों में जदयू का चुनाव चिन्ह "तीर" है, लेकिन झारखंड में उन्हें "गैस सिलेंडर" चिन्ह दिया गया है। इससे पहले यह चिन्ह भारतीय जनतंत्र मोर्चा का था, जिसके जदयू में विलय होने के बाद यह परिवर्तन हुआ है।
सरयू राय के "गैस सिलेंडर" चिन्ह पर चुनाव लड़ने की खबर से झारखंड की राजनीति में हलचल मच गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं, क्योंकि सरयू राय की छवि एक साफ-सुथरे और बेबाक नेता की है।
इस निर्णय के बाद जदयू के कार्यकर्ता और समर्थक भी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि सरयू राय की लोकप्रियता और "गैस सिलेंडर" चिन्ह की पहचान उन्हें इस बार भी बड़ी जीत दिला सकती है।
What's Your Reaction?






