मानगो में चोरों का आतंक, परिवार के सोते समय लाखों की चोरी
जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह टैंक रोड पर रात के समय चोरों ने अभिषेक श्रीवास्तव के घर से लाखों का सामान चोरी कर लिया। पढ़ें पूरी खबर।

जमशेदपुर के मानगो इलाके में चोरी की घटना ने फिर से लोगों को चिंता में डाल दिया है। बीती रात (20 सितंबर 2024) को उलीडीह टैंक रोड पर चोरों ने अभिषेक श्रीवास्तव के घर को निशाना बनाया। यह घटना तब हुई जब घर में पानी भरने की वजह से पूरा परिवार छत पर बने कमरे में सो रहा था। बारिश के कारण घर में जलजमाव हो गया था, जिससे पूरा परिवार निचले हिस्से में सोने की बजाय छत पर शिफ्ट हो गया था।
रात करीब डेढ़ बजे अभिषेक की पत्नी को कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत अपने पति को उठाया। जब अभिषेक ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पाया कि दरवाजा बाहर से बंद था। कई प्रयासों के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। अंत में, उन्होंने दरवाजे को भीतर से तोड़कर बाहर निकला। जैसे ही वे नीचे पहुंचे, देखा कि अलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर 20 हजार रुपये नगद, एक स्मार्टफोन, पायल, सोने की कान की बाली और अन्य जेवर लेकर भाग चुके थे।
इस घटना की जानकारी अभिषेक ने भाजपा नेता विकास सिंह को दी। विकास सिंह तुरंत उनके घर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विकास सिंह ने बताया कि उलीडीह टैंक रोड पर गलत तरीके से नाले का निर्माण किया गया है, जिससे हल्की बारिश में भी घरों में पानी भर जाता है। इसी जलजमाव की वजह से यह चोरी की घटना घटित हुई।
चोरी की घटनाओं पर बोलते हुए विकास सिंह ने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस इन चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है। इलाके में अवैध कारोबार भी बढ़ रहे हैं, जो अपराध को बढ़ावा देते हैं।
अभिषेक और उनके परिवार के लिए यह घटना बहुत ही दर्दनाक रही। पुलिस को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
What's Your Reaction?






