Jamshedpur Murder : जमशेदपुर में आपसी विवाद के चलते युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में 12 अगस्त को आपसी विवाद के चलते लोकनाथ ठाकुर उर्फ पुक्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष मछुआ और राजन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा विकास भवन के पास 12 अगस्त को हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष मछुआ और राजन मिश्रा उर्फ वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा है, जिसमें लोकनाथ ठाकुर उर्फ पुक्की को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।
घटना के बाद जमशेदपुर की पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए, आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। सिटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्टल और दो गोलियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि लोकनाथ ठाकुर के खिलाफ विभिन्न थानों में सात मामले पहले से ही दर्ज थे, जो कि उसके आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।
घटना का सिलसिला 12 अगस्त को उस वक्त शुरू हुआ जब बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने लोकनाथ पर गोलीबारी की। घटना के तुरंत बाद लोकनाथ की मां ने परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई, जिसमें राजन मिश्रा, सूरज नाग, कौशल श्रीवास्तव और मनीष का नाम था। जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि लोकनाथ और राजन मिश्रा के बीच विवाद का सिलसिला काफी पुराना था।
आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि विवाद की जड़ लोकनाथ ठाकुर द्वारा राजन मिश्रा की बहन से छेड़खानी थी। इस बात से नाराज होकर राजन मिश्रा ने लोकनाथ को मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक पहुंच गई, जिसके बाद लोकनाथ की हत्या कर दी गई।
What's Your Reaction?






