इंदिरा नगर और छाया नगर के लोगों ने किया आक्रोश प्रदर्शन, आप नेता अभिषेक कुमार ने उठाई आवाज
इंदिरा नगर और छाया नगर के लोगों ने अंचल कार्यालय से मिली नोटिस के खिलाफ जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। आप नेता अभिषेक कुमार ने बस्तीवासियों के घर न तोड़े जाने की मांग की।

जमशेदपुर, 29 अगस्त 2024: आज इंदिरा नगर और छाया नगर के निवासियों ने अंचल कार्यालय से मिली नोटिस के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय जमशेदपुर के सामने एक जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अभिषेक कुमार ने किया, जिनके साथ सैकड़ों लोग शामिल हुए। खास बात यह रही कि इंदिरा नगर की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से रखा।
आप नेता अभिषेक कुमार ने बताया कि इंदिरा नगर, छाया नगर, कल्याण नगर और बाबूडीह के निवासियों का यहां 40 से 50 सालों से बसेरा है। इन इलाकों में सरकार द्वारा बिजली, पानी, पक्की सड़के और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां के अधिकांश लोग दैनिक मजदूरी पर निर्भर मध्यम वर्गीय या गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले हैं। उनके लिए घर तोड़ने का आदेश आत्महत्या के बराबर होगा।
अभिषेक कुमार ने यह भी कहा कि कोई भी राजनीतिक पार्टी इन बस्तीवासियों की मदद नहीं कर रही है, जबकि हर पार्टी अपने राजनीतिक लाभ उठाने में लगी हुई है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर लोगों को समर्थन देने का आश्वासन दिया और इसे लेकर लगातार संघर्ष करने की बात कही।
इस प्रदर्शन में आप के कई प्रमुख नेता भी शामिल हुए, जिनमें संतोष भगत, अमरीक सिंह जख्मी, के.के. देशमुख, चरणजीत सिंह, अमरजीत सिंह, गुरमुख सिंह, आशीष कुमार घोष, जय किशन, अमृता प्रभु साव और आरती देवी प्रमुख रहे। इसके अलावा, कई महिलाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें पुष्पा देवी, कंचन देवी, मीना देवी, शिल्पी देवी, सोनी देवी, प्रमिला भुइया, नीरू देवी, नवनी भुइया, रेणुका गोराई, और आरती गोराई शामिल थीं।
इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से इंदिरा नगर और छाया नगर के निवासियों ने अपनी मांगें स्पष्ट रूप से रखते हुए प्रशासन से घर न तोड़ने की गुहार लगाई।
What's Your Reaction?






