झारखंड चुनाव की तैयारी: भारत निर्वाचन आयोग की 12 सदस्यीय टीम रांची पहुंची
झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की 12 सदस्यीय टीम रांची पहुंची। जानें, टीम की आगामी योजनाएं और महत्वपूर्ण बैठकों का विवरण।

भारत निर्वाचन आयोग की 12 सदस्यीय टीम 23 सितंबर 2024, सोमवार की सुबह रांची पहुंच गई। यह टीम झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर दो दिवसीय दौरे पर आई है। इस टीम का नेतृत्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार कर रहे हैं। उनके साथ निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधु भी शामिल हैं।
साथ ही, तीन सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर धर्मेंद्र शर्मा, डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर संजय कुमार और पांच अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी अशोक कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अनुज चांडक के साथ कुल 12 सदस्यीय टीम इस दौरे पर आई है।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी और विभिन्न चुनावी पहलुओं पर विचार-विमर्श करना है।
23 सितंबर को टीम की पहली महत्वपूर्ण बैठक रांची के होटल रेडिशन ब्लू में होगी। इसमें छह राष्ट्रीय पार्टियों और तीन क्षेत्रीय पार्टियों से चर्चा की जाएगी। इन क्षेत्रीय पार्टियों में आजसू पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) शामिल हैं। इस दौरान चुनाव की रणनीतियों और तैयारियों पर गहन विचार-विमर्श होगा।
इसके बाद, मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में झारखंड के सीईओ कैंप नोडल ऑफिसर के साथ एक बैठक होगी। इस बैठक में चुनाव प्रक्रिया और तैयारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
शाम के समय, टीम की एक अहम बैठक झारखंड के मुख्य सचिव एल. ख्यांगते और डीजीपी अनुराग गुप्ता के साथ होगी। इस बैठक का उद्देश्य राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना है।
भारत निर्वाचन आयोग का यह दौरा झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान चुनावी प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी और आगामी चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करने की योजना बनाई जाएगी।
What's Your Reaction?






