झारखंड चुनाव 2024: कांग्रेस ने जारी की 21 उम्मीदवारों की पहली सूची, महगामा से फिर दीपिका पांडेय सिंह मैदान में
कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। महगामा से दीपिका पांडेय सिंह फिर से उम्मीदवार घोषित, जानिए पूरी खबर।

रांची, 23 अक्टूबर 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने सोमवार देर रात 21 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। महगामा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने एक बार फिर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है।
इस घोषणा के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर पहुंचे और उनका अभिनंदन किया। दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस ने जो विश्वास उन पर दिखाया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
दीपिका पांडेय सिंह ने गर्व के साथ कहा, "मुझे खुशी है कि पार्टी ने मुझे फिर से महगामा से चुनाव लड़ने का अवसर दिया है। पिछले पांच सालों में हमने ईमानदारी और समर्पण के साथ इस क्षेत्र की सेवा की है। मुझे उम्मीद है कि जनता हमें एक बार फिर मौका देगी।"
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में साफ तौर पर परिवारवाद की झलक देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि जनता यह सब देख रही है और सही समय पर सही निर्णय लेगी।
कांग्रेस पार्टी ने मौजूदा विधायकों को भी दोबारा मौका दिया है। इनमें जामताड़ा से डॉ. इरफान अंसारी, जरमुंडी से बादल पत्रलेख, पोड़ैयाहाट से प्रदीप यादव, लोहरदगा से रामेश्वर उरांव, बड़कागांव से अंबा प्रसाद साहू, बेरमो से कुमार जयमंगल, झरिया से पूर्णिमा नीरज सिंह, जमशेदपुर पश्चिमी से बन्ना गुप्ता, खिजरी से राजेश कच्छप, मांडर से शिल्पी नेहा तिर्की, सिमडेगा से भूषण बाड़ा, कोलेबिरा से नमन विक्सल कोंगाड़ी और मनिका से रामचंद्र सिंह शामिल हैं।
कांग्रेस की इस पहली सूची के जारी होने के बाद झारखंड विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा। पार्टी ने अपने प्रमुख उम्मीदवारों पर भरोसा जताते हुए, उन्हें फिर से मौका दिया है। अब देखना है कि जनता किसे अपना समर्थन देती है।
What's Your Reaction?






