Cancer Study: हैदराबाद बना ब्रेस्ट कैंसर की राजधानी, क्या आप जानते हैं लंग्स और ओरल कैंसर में कौन से शहर हैं सबसे आगे?
JAMA ओपन नेटवर्क में प्रकाशित रिपोर्ट ने भारत में कैंसर का नया नक्शा पेश किया। हैदराबाद ब्रेस्ट कैंसर की राजधानी, मणिपुर-केरल लंग्स कैंसर हॉटस्पॉट और अहमदाबाद ओरल कैंसर में सबसे आगे। आखिर क्यों बढ़ रहे हैं ये मामले?
हाल ही में JAMA ओपन नेटवर्क में प्रकाशित राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम की स्टडी रिपोर्ट ने देश में कैंसर के बढ़ते खतरे की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के दक्षिणी राज्य अब कैंसर महामारी का नया केंद्र बनते जा रहे हैं।
ब्रेस्ट कैंसर: हैदराबाद सबसे आगे
स्टडी में दावा किया गया है कि हैदराबाद देशभर में ब्रेस्ट कैंसर की राजधानी बन चुका है। यहां प्रति 100,000 महिलाओं में 54 महिलाएं इस गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। यह दर पूरे देश में सबसे ऊंची है। इसके बाद बेंगलुरु दूसरे नंबर पर है, जहां एक लाख महिलाओं पर औसतन 46.7 महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर की शिकार हो रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई में यह दर 45.4, केरल के अलाप्पुझा में 42.2 और तिरुवनंतपुरम में 40.7 दर्ज की गई है। यानी राष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा ब्रेस्ट कैंसर दर वाले शीर्ष छह क्षेत्रों में से चार दक्षिण भारत के हैं। यह पैटर्न इस बात की पुष्टि करता है कि दक्षिण भारत के शहरी केंद्र इस समय ब्रेस्ट कैंसर महामारी का केंद्र बन चुके हैं।
2024 में राष्ट्रीय स्तर पर 2.38 लाख महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामले दर्ज हुए। यह भारतीय महिलाओं में सबसे आम कैंसर के रूप में सामने आया है।
लंग्स कैंसर: पूर्वोत्तर और कश्मीर में सबसे ज्यादा
रिपोर्ट बताती है कि फेफड़ों के कैंसर के मामले मुख्य रूप से पूर्वोत्तर और कश्मीर में गंभीर स्थिति में हैं। मणिपुर की राजधानी आइज़ोल में प्रति 100,000 महिलाओं पर 33.7 लंग्स कैंसर के केस दर्ज किए गए हैं, जबकि पूरे राज्य का औसत 24.8 है।
कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में लंग्स कैंसर की दर 39.5 प्रति 100,000 दर्ज की गई, जो देश में सबसे अधिक है। इसके बाद केरल के कन्नूर (35.4), मालाबार (32.5), कासरगोड (26.6), अलप्पुझा (25.3) और कोल्लम (24.2) आते हैं।
दक्षिण भारतीय शहरों में भी यह खतरा नजर आ रहा है। हैदराबाद में 6.8 और बेंगलुरु में 6.2 केस प्रति 100,000 दर्ज हुए हैं।
ओरल कैंसर: अहमदाबाद नंबर वन
ओरल कैंसर यानी मुख के कैंसर के मामलों में अहमदाबाद सबसे आगे है। वहीं, हैदराबाद और बेंगलुरु भी इस श्रेणी में तेजी से ऊपर बढ़ते दिख रहे हैं। यह पैटर्न बताता है कि शहरीकरण और जीवनशैली में बदलाव इन बीमारियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
स्टडी रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि कैंसर के इन मामलों को नियंत्रित करने के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाने की जरूरत है। अगर समय रहते रोकथाम की पहल नहीं हुई तो दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्य कैंसर की महामारी का सबसे बड़ा शिकार बन सकते हैं।
What's Your Reaction?


