महानवमी पर राज्यपाल रघुवर दास ने 251 कन्याओं का पूजन कर की देवी शक्ति की आराधना
ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास ने महानवमी के दिन जमशेदपुर के शीतला माता मंदिर में 251 कन्याओं का पूजन किया और उन्हें भोजन परोस कर आशीर्वाद लिया।

जमशेदपुर, 13 अक्तूबर 2024 – शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महानवमी के दिन, ओडिशा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर के भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर में सपरिवार कन्या पूजन किया। शुक्रवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने 251 कन्याओं का पूजन किया और उनके पांव पखारकर देवी शक्ति की आराधना की। इस अवसर पर रघुवर दास के साथ उनकी धर्मपत्नी रुक्मणि देवी, सुपुत्र ललित दास और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
रघुवर दास ने मंदिर प्रांगण में पूरे विधि-विधान से हवन किया और मां दुर्गा की आरती उतारी। नौ देवी स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं के पांव पखारने के बाद, उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और आरती के साथ उनका पूजन किया गया। इसके बाद, 251 कन्याओं को हलवा, पूरी, सब्जी, खीर, मिठाई आदि का भोजन परोसा गया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कन्या पूजन के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह परंपरा नारीशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "नवरात्रि में शक्ति की उपासना का अर्थ है समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में जागरूक होना।" उन्होंने दुर्गापूजा को नारी शक्ति की आराधना बताते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इस शक्ति का सदुपयोग करना चाहिए।
इस धार्मिक कार्यक्रम में रघुवर दास के साथ पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, पवन अग्रवाल, टुनटुन सिंह, राकेश सिंह सहित कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
इस मौके पर रघुवर दास ने झारखंड के सभी नागरिकों और देशवासियों के सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।
What's Your Reaction?






