Jharkhand Monsoon Update : झारखंड में कमजोर मानसून, लेकिन आज से होगी मौसम की पलटवार बारिश!
झारखंड में मानसून अब तक कमजोर रहा, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मौसम बदल सकता है। आज से दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
झारखंड में मॉनसून इस बार पूरे उत्तर भारत की तरह सक्रिय नहीं दिख रहा। जहां राजस्थान, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं झारखंड के कई जिलों में अब तक तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया है। रांची समेत कई जगहों पर सोमवार को चटक धूप रही और येलो अलर्ट का असर नज़र नहीं आया।
मौसम विभाग की मानें तो अब स्थिति बदल सकती है। आज दोपहर 2 बजे के बाद से झारखंड में मौसम पलटी मारने की पूरी संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, गुमला और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही तेज बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
किसानों को विशेष सावधानी की ज़रूरत
भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए किसानों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। खेतों में काम करने वाले किसानों से कहा गया है कि वे आंधी-तूफान और बिजली के दौरान खुले मैदान में न रहें और सुरक्षित जगह पर चले जाएं।
बंगाल की खाड़ी से आया सिस्टम
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसका सीधा असर झारखंड के दक्षिणी जिलों में पड़ेगा। अगले तीन से चार दिनों तक लगातार भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले 3–4 दिन अहम
अगले कुछ दिनों में दक्षिणी झारखंड के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से ये बारिश और तेज हो सकती है। इससे जहां तापमान में गिरावट आएगी, वहीं खेतों में पानी भरने और फसलों को नुकसान का खतरा भी रहेगा।
कुल मिलाकर, झारखंड में अब तक कमजोर रहा मानसून अगले 3–4 दिनों में जोर पकड़ सकता है। किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना होगा, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
What's Your Reaction?


