झारखंड चुनाव: BJP और सहयोगियों के बीच सीटों का बंटवारा तय, NDA एकजुट
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा, जदयू, आजसू और लोजपा के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला तय हो गया है। भाजपा 68 सीटों पर लड़ेगी, जबकि आजसू को 10 सीटें मिली हैं। जानिए पूरा बंटवारा।

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला शुक्रवार, 18 अक्टूबर को तय हो गया। रांची में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा, आजसू प्रमुख सुदेश महतो और अन्य नेताओं की मौजूदगी रही।
घोषणा के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आजसू को 10 सीटें मिली हैं, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को 2 सीटें और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 1 सीट दी गई है।
सीटों का बंटवारा इस प्रकार है:
आजसू को सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर और ईचागढ़ सीटें मिली हैं। ईचागढ़ सीट को लेकर पहले काफी विवाद था, लेकिन भाजपा ने अपनी सीटिंग सीट छोड़कर आजसू को यह सीट दी है।
जनता दल यूनाइटेड को जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ की सीटें मिली हैं। संभावना है कि जमशेदपुर पश्चिम से सरयू राय जदयू के प्रत्याशी हो सकते हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी को चतरा सीट मिली है।
इस घोषणा के बाद एनडीए में सीटों को लेकर विवाद खत्म हो गया है। हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि अब भाजपा नहीं, बल्कि एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। ईचागढ़ सीट छोड़ने पर विवाद जरूर हुआ, क्योंकि भाजपा से अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह यहां से चुनाव लड़ना चाहते थे। अब वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं।
अब सीट शेयरिंग के बाद एनडीए चुनाव की तैयारी में जुट गया है। चुनावी माहौल गरम हो चुका है और गठबंधन की रणनीति स्पष्ट हो गई है।
What's Your Reaction?






