जमशेदपुर: श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश दिवस, तैयारियां जोरों पर

जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा में चार सितम्बर को गुरु ग्रंथ साहिब का 421वां प्रकाश दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

Aug 27, 2024 - 10:40
Aug 27, 2024 - 10:43
 0
जमशेदपुर: श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश दिवस, तैयारियां जोरों पर
जमशेदपुर: श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश दिवस, तैयारियां जोरों पर

जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा में इस वर्ष भी गुरु ग्रंथ साहिब का 421वां प्रकाश दिवस चार सितम्बर, बुधवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने रविवार को एक बैठक आयोजित की, जिसमें सभी पदाधिकारियों को प्रकाश दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रकाश दिवस से तीन दिन पूर्व, यानी एक सितम्बर को, निशान साहिब का चोला बदला जाएगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के निर्देशानुसार, इस बार चोला बसंती रंग का होगा। दो सितम्बर को अखंड पाठ की शुरुआत की जाएगी, जो चार सितम्बर को समाप्त होगी। इसके उपरांत भाई साहब भाई संदीप सिंह जी ज्वद्दी (हजूरी रागी जत्था गुरुद्वारा साहिब साकची) और गुरप्रीत सिंह निक्कू अपने मधुर स्वर में कीर्तन की प्रस्तुति देंगे।

स्त्री सत्संग सभा एवं सुखमणि साहिब जत्था द्वारा भी शब्द कीर्तन गायन किया जाएगा। इसके अलावा, गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा, जिसमें संगत बड़े उत्साह के साथ शामिल होगी। इस बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची, स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब जत्था के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश पर्व 30 अगस्त, 1604 को अमृतसर के हरिमंदिर साहिब में हुआ था। इस दिन सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जन देव जी ने गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश उत्सव आयोजित किया था। गुरु अर्जन देव जी ने 1603 में भाई गुरदास से गुरु ग्रंथ साहिब लिखवाने का काम शुरू करवाया था, जो 1604 में पूरा हुआ। गुरु ग्रंथ साहिब में विभिन्न विद्वानों और भक्तों की बाणियों को बिना किसी भेदभाव के शामिल किया गया है, और यह सिखों के लिए ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए आदर्श और पथप्रदर्शक है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Chandna Keshri चंदना केशरी, जो गणित-विज्ञान में इंटरमीडिएट हैं, स्थानीय खबरों और सामाजिक गतिविधियों में निपुण हैं।