Dhanbad Road Accident: धनबाद के चिरकुंडा में सड़क हादसे में कांस्टेबल कालीचरण टुडू की मौत
धनबाद के पंचेत ओपी में पदस्थापित कांस्टेबल कालीचरण टुडू की चिरकुंडा में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बाइक स्किड करने से वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। शव गांव पहुंचने से माहौल गमगीन हो गया।

धनबाद जिले के पंचेत ओपी में पदस्थापित कांस्टेबल कालीचरण टुडू (आरक्षी संख्या-1693, उम्र 29 वर्ष) की शनिवार रात चिरकुंडा में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कालीचरण किसी काम से चिरकुंडा आया था।
नेहरू रोड पर उनकी बाइक अचानक स्किड कर गई, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चिरकुंडा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें कालीमंडा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में मातम का माहौल
कालीचरण टुडू मूल रूप से मुराईडीह बस्ती के रहने वाले थे। उनका चयन 24 जून 2017 को झारखंड पुलिस में हुआ था। फिलहाल वे पंचेत ओपी में सेवा दे रहे थे।
रविवार को जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कालीचरण दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे और अब तक उनकी शादी नहीं हुई थी। परिवार पूरी तरह उन्हीं पर आश्रित था।
खोदो नदी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
नेताओं ने जताया शोक
इस दुखद घटना पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, सोनोत संथाल समाज के प्रखंड सचिव रामजीत टुडू, मुखिया अनिता देवी और मंगल हेंब्रम समेत कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
What's Your Reaction?






