Jamshedpur Theft Case : परसुडीह में बंद घर से चोरी, महिला ने थाने पर उठाए सवाल, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
जमशेदपुर के परसुडीह में जेल गए परिवार के बंद घर से चोरी, ताला थाने में जमा होने के बावजूद गायब हुआ सामान। महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा निवासी सुनीता साह और अंजु देवी ने अपने घर में हुई चोरी और थाने की लापरवाही को लेकर एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। महिलाओं का कहना है कि उनका पूरा परिवार झूठे केस में जेल चला गया था, जिसके बाद उनके घर पर ताला लगाया गया और उसकी चाबी परसुडीह थाना में जमा थी। इसके बावजूद उनके घर का ताला टूटा और घर से नगद व कीमती सामान गायब हो गया।
छेड़खानी से शुरू हुआ विवाद, फिर जेल पहुंचा परिवार
महिलाओं के अनुसार, उनके पड़ोस में रहने वाले संजय श्रीवास्तव नशे की हालत में सुनीता साह के साथ छेड़खानी कर रहे थे। इस दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। लेकिन अगले ही दिन संजय श्रीवास्तव की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद संजय की बेटियों ने सुनीता साह समेत 14 लोगों को झूठे केस में फंसाकर जेल भेज दिया।
जेल से लौटने पर टूटा ताला, गायब सामान
महिलाओं ने बताया कि फिलहाल 3 महिलाएं बेल पर रिहा होकर घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और नगद समेत कीमती सामान गायब थे। महिलाओं का कहना है कि यह बेहद गंभीर सवाल है कि जब घर की चाबी थाना में जमा थी, तब चोरी कैसे हो गई?
थाने में नहीं हो रही सुनवाई
सुनीता साह और अंजु देवी ने आरोप लगाया कि वे कई बार परसुडीह थाना का चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं हो रही है। इससे वे मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान हो गई हैं।
एसएसपी से गुहार
गुरुवार को पीड़ित महिलाएं एसएसपी से मिलीं और लिखित ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब उनका परिवार पहले से ही झूठे आरोपों में जेल में है, तो अब घर की चोरी से उनका जीना और मुश्किल हो गया है।
What's Your Reaction?






