पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सहदेव मुंडा को मिला व्हीलचेयर, भाजपा नेताओं ने की सहायता
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर उलीडीह टैंक रोड तालाब के पास सहदेव मुंडा को व्हीलचेयर भेंट की गई। भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं ने की यह पहल।

जमशेदपुर, 25 सितंबर 2024: एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आज एक मानवीय पहल देखने को मिली। जमशेदपुर के उलीडीह टैंक रोड तालाब के पास रहने वाले सहदेव मुंडा को व्हीलचेयर प्रदान किया गया। सहदेव मुंडा लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थे, और उनकी इस स्थिति के बारे में जानकारी मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने यह सराहनीय कदम उठाया।
अमित अग्रवाल ने सहदेव मुंडा को व्हीलचेयर देकर उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि यह कदम पंडित दीन दयाल उपाध्याय के विचारों को साकार करने का एक छोटा प्रयास है। पंडित उपाध्याय का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचे और आज का यह कार्य उसी दिशा में एक प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के ज़िला महामंत्री अभिमन्यु सिंह चौहान, ज़िला मंत्री प्रकाश दुबे, प्रदेश पॉलिसी मेकर के संयोजक अभिषेक डे, उलीडीह युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार, जीतू गुप्ता, सुमित अग्रवाल, सौरव शर्मा और विशाल संजय सहित अन्य प्रमुख लोग भी उपस्थित थे।
अमित अग्रवाल ने कहा कि सहदेव मुंडा को व्हीलचेयर प्रदान करना उनके लिए एक पुण्य कार्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी और संगठन ऐसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों तक सहायता पहुँचाने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अन्य नेताओं ने भी पंडित दीन दयाल उपाध्याय के विचारों और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का सिद्धांत समाज के हर वर्ग तक मदद पहुँचाने का संदेश देता है, और आज के इस कार्य ने उसी विचारधारा को आगे बढ़ाया है।
इस मौके पर सहदेव मुंडा ने सभी का धन्यवाद किया और कहा कि यह मदद उनके जीवन में एक नई आशा लेकर आई है।
What's Your Reaction?






