झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: अधिसूचना जारी, 13 नवंबर को होगा मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की अधिसूचना जारी हो गई है। 13 नवंबर को 18,73,589 मतदाता 1913 बूथों पर मतदान करेंगे। उम्मीदवार के लिए अधिकतम व्यय सीमा 40 लाख रुपए तय की गई है।

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। 13 नवंबर को राज्य के 1913 मतदान केन्द्रों पर 18,73,589 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी शुक्रवार, 20 अक्टूबर को जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उनके साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव भी उपस्थित थे।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार 25 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी और 30 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 13 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 1145 पोलिंग स्टेशन हैं, जिनमें 1913 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के लिए सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए कुछ मतदान केंद्रों पर समय में बदलाव किया गया है।
विधानसभा क्षेत्रों में मतदान की समय-सारिणी इस प्रकार है:
-
44- बहरागोड़ा: 5 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक, जबकि शेष 259 केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
-
45- घाटशिला (अ.ज.जा): 23 मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 से शाम 4 बजे तक, शेष 268 केन्द्रों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
-
46- पोटका (अ.ज.जा): 7 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से शाम 4 बजे तक, शेष 319 केन्द्रों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
-
47- जुगसलाई (अ.जा): 17 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से शाम 4 बजे तक, शेष 364 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
-
जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम: दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के लिए अधिकतम व्यय सीमा 40 लाख रुपए निर्धारित की गई है।
What's Your Reaction?






