झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: गढ़वा और पलामू में रेड अलर्ट, 17 सितंबर से राहत की उम्मीद
झारखंड में बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव के कारण लगातार बारिश हो रही है। सोमवार और मंगलवार को कई जिलों में भारी बारिश का रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रांची/जमशेदपुर, सोमवार, 16 सितंबर 2024: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
सोमवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, और सिमडेगा जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, चतरा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, और पश्चिम सिंहभूम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, और रांची में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की गति 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहेगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मंगलवार, 17 सितंबर को पलामू और गढ़वा जिलों में रेड अलर्ट जारी रहेगा। चतरा और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दिन हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को बारिश में थोड़ी कमी आ सकती है। मंगलवार शाम से पश्चिमी इलाकों को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश से राहत मिलने की संभावना है। 18 सितंबर से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।
इस दौरान, लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?






