गुरु पूर्णिमा पर बारीडीह में विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में संपन्न हुई भव्य रामार्चा पूजा!
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय की यजमानी में गुरु पूर्णिमा पर बारीडीह में भव्य रामार्चा पूजा का आयोजन हुआ। जानिए इस विशेष आयोजन की पूरी जानकारी। #गुरु_पूर्णिमा #रामार्चा_पूजा #सरयू_राय #जमशेदपुर #भव्य_पूजन

जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रविवार को बारीडीह कार्यालय परिसर में विधि-विधान के साथ रामार्चा पूजा संपन्न हुई। यह रामार्चा पूजा का 24वां साल था। इस पूजा में भगवान श्री राम, उनके परिजनों और उन सभी की पूजा की गई जिन्होंने भगवान श्री राम का प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से साथ दिया था। सभी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर, समस्त मानव की मंगलकामना के साथ पूजा संपन्न हुई। सोमवार को प्रातः 8 बजे से रुद्राभिषेक प्रारंभ होगा और दोपहर एक बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। महाप्रसाद का वितरण कार्यालय के ठीक सामने रामार्चा मैदान में होगा।
रविवार की सुबह पूजा नियत समय पर प्रारंभ हुई। सबसे पहले वेदी एवं स्थल पवित्रिकरण किया गया। फिर शांतिपाठ हुआ। इसके बाद संकल्पपूर्वक गौरी-गणेश, वरुण देवता का पूजन हुआ। फिर रक्षा विधान और ब्राह्मण वरण हुआ। इसके बाद वेदी पर चार आवरण में भगवान श्रीराम सहित उनके पूरे परिवार, वीर बजरंग बली, नवग्रह, दस दिगपाल, भगवान शिव, सप्तऋषि, अष्ट वसु, वास्तु, शक्तियों और पवित्र नदियों की पूजा इत्यादि की गई।
पूजा चार आवरण में विभाजित थी। प्रथम आवरण में माता गौरी और भगवान शिव की पूजा की गई। इनके अतिरिक्त तेरह देवताओं का आवाहन, स्थापन और पूजन किया गया। दूसरे आवरण में श्री अयोध्या जी से लेकर अष्ठमंत्रियों तक कुल 21 देवताओं का आवाहन, स्थापन और पूजन हुआ। तृतीय आवरण में महाराज श्री दशरथ जी से लेकर भाईयों लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी तथा उनकी पत्नियों का आवाहन, स्थापन और पूजन किया गया। चतुर्थ आवरण में सीता माता संग भगवान श्रीराम का आवाहन, स्थापन और पूजन हुआ।
इसके बाद पूजा का महत्व, इसका इतिहास और इसके लाभों के बारे में बताया गया। संध्या काल में हवन, पूर्णाहुति, आरती, पुष्पांजलि, विसर्जन और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। प्रमुख यजमान सरयू राय के अलावा आशुतोष राय, पारूल सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सुबोध श्रीवास्तव, श्रीमती मंजू सिंह आदि उपस्थित थे। पूजन कार्य विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा आदि ने संपन्न कराया। समस्त पूजन कार्य बेगूसराय से पधारे गौरीकांत ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सोमवार को महाप्रसाद वितरण रामार्चा मैदान में पंडाल तैयार हो गया है। सोमवार, 22 जुलाई को इसी मैदान में महाप्रसाद का वितरण होगा। पिछले कई वर्षों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुगण यहीं प्रसाद पाते रहे हैं। इस साल भी लोगों को महाप्रसाद में बक्सर के मशहूर कारीगरों द्वारा बनाए गए हाथी कान पूड़ी खाने का अवसर मिलेगा।
What's Your Reaction?






