चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा में होंगे शामिल, झारखंड की राजनीति में आया बड़ा मोड़
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे। अमित शाह से मुलाकात के बाद यह फैसला आया है। राज्य की राजनीति में इस फैसले से मचा भूचाल।

झारखंड में चल रहे राजनीतिक उठापटक के बीच एक बड़ा फैसला सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं। इस बात की पुष्टि तब हुई जब चंपई सोरेन ने देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान झारखंड के भाजपा चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।
मुलाकात रात दस बजे हुई, जिसमें चंपई सोरेन के साथ उनके बेटे बाबूलाल सोरेन भी थे। जानकारी के मुताबिक, यह तय हो गया है कि चंपई सोरेन अब भाजपा का हिस्सा बनेंगे। उनकी ज्वाइनिंग रांची या सरायकेला में हो सकती है, जिसमें खुद अमित शाह शामिल हो सकते हैं।
इस मुलाकात के बाद झारखंड की राजनीति में भूचाल आ गया है। भाजपा की इस रणनीति को कोल्हान क्षेत्र के सभी 14 सीटों पर हेमंत सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को हराने के उद्देश्य से देखा जा रहा है। चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं, जो अब सच साबित हो रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने लगभग तय कर लिया है कि सरायकेला से चंपई सोरेन और घाटशिला से उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। चंपई सोरेन की इस राजनीतिक कदम ने राज्य की राजनीति को एक नई दिशा दे दी है।
What's Your Reaction?






