मानगो फ्लाईओवर निर्माण में बड़ी सफलता: पाइल टेस्ट हुआ सफल, जल्द शुरू होगा पिलर निर्माण
जमशेदपुर के मानगो फ्लाईओवर परियोजना में बड़ी सफलता, पाइल टेस्ट हुआ सफल। मंत्री बन्ना गुप्ता ने 18 महीने में परियोजना पूरा होने की उम्मीद जताई।

जमशेदपुर, 2 सितंबर: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक और स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री बन्ना गुप्ता के ड्रीम प्रोजेक्ट मानगो फ्लाईओवर के निर्माण में एक बड़ी सफलता मिली है। फ्लाईओवर निर्माण के लिए तकनीकी रूप से किए जा रहे पाइल टेस्ट सफल रहे हैं। मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस खुशी की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मानगो की जनता से किया गया वादा अब जल्द ही पूरा होगा।
पाइल टेस्ट 27 अगस्त से शुरू किया गया था और 29 अगस्त को यह परीक्षण पूरी तरह से सफल रहा। इस परीक्षण में 1875 एमटी का लोड दिया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा। इस सफलता के बाद अब फ्लाईओवर के पिलर निर्माण का काम जल्द शुरू होगा।
फ्लाईओवर निर्माण के अगले चरण के बारे में जानकारी देते हुए बन्ना गुप्ता ने बताया कि दुर्गा पूजा तक डिमना रोड स्थित ब्लूबेल्स स्कूल से पाइल नंबर 30 का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके बाद 29, 28 और 13 नंबर पाइल का काम पूरा होगा, जिसमें से 13 नंबर पाइल स्वर्णरेखा नदी के किनारे है।
उन्होंने यह भी बताया कि 6 सितंबर के शुभ दिन को पूरे विधि विधान के साथ फ्लाईओवर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर मानगो की जनता को भी शामिल होने का आग्रह किया गया है।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना में कई बाधाएं आईं, लेकिन मानगो की जनता से किए गए वादे को पूरा करने के लिए उन्होंने हर संभव प्रयास किया। आज, उनके प्रयासों का नतीजा सामने है, और सभी परीक्षण कार्य सफल रहे हैं।
फ्लाईओवर के निर्माण के पूरा होने में लगभग 18 महीने का समय लगेगा। इसके बनने के बाद जमशेदपुर और मानगो की जनता को न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
What's Your Reaction?






