West Singhbhum Murder : नशे के लिए पैसे न देने पर भतीजे ने बुआ का गला दबाकर किया कत्ल
नशे के लिए पैसे न देने पर भतीजे ने बुआ का गला दबाकर हत्या की, 58 वर्षीय निर्वासिनी प्रधान की मौत, आरोपी सूरज प्रधान गिरफ्तार।
West Singhbhum Shocker: नशे की लत कब किसकी जान ले ले, कहा नहीं जा सकता। पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा थाना क्षेत्र के बारी गांव में नशे के लिए पैसे न देने पर 19 वर्षीय भतीजे ने अपनी 58 वर्षीय बुआ की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है।
बुआ ने ही पाल-पोसकर किया था बड़ा
स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्वासिनी प्रधान अविवाहित थीं और अपने भाई के परिवार के साथ रहती थीं। उन्होंने ही सूरज को पाल-पोस कर बड़ा किया था और हर जरूरत में उसकी मदद करती थीं। लेकिन जब सूरज नशे का आदी हो गया तो उन्होंने उसे पैसे देने बंद कर दिए थे।
नशे के लिए पैसे न देने पर रोज होती थी मारपीट
बारी गांव निवासी सूरज प्रधान (19) नशे का आदी था और अक्सर अपनी बुआ निर्वासिनी प्रधान से नशापान के लिए पैसे मांगता रहता था। पैसे न देने पर वह मारपीट भी करता था।
गुरुवार को हुआ था झगड़ा, फिर मौत
गुरुवार सुबह से ही सूरज अपनी बुआ से पैसे की मांग कर रहा था। बुआ ने पैसे न होने की बात कही और बार-बार मना किया। गाली-गलौज के बाद उसने सूरज को घर से भगा दिया।
इसी बात से नाराज सूरज शाम करीब साढ़े सात बजे फिर घर पहुंचा और पैसे की मांग करने लगा। फिर से इन्कार करने पर गुस्से में आकर उसने गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
घटना की सूचना मिलने पर सोनुवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पूछताछ के लिए सूरज को हिरासत में लिया गया, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आपकी राय क्या है – क्या नशे के आदी लोगों के खिलाफ पुलिया को और सख्त कदम उठाने चाहिए? कमेंट में बताएं।
इस खबर को शेयर करें, ताकि लोग नशे की लत के खतरों के बारे में जागरूक हो सकें।
What's Your Reaction?


