टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने की आम चुनाव की तैयारी, नई चुनाव समिति गठित
जमशेदपुर के टाटा मोटर्स प्लांट में यूनियन की कमेटी मीटिंग में आम चुनाव 2025-27 की तैयारी पर चर्चा हुई। चुनाव समिति और चुनाव पदाधिकारियों का गठन किया गया।

जमशेदपुर, 29 अक्टूबर 2024: टाटा मोटर्स कंपनी के जमशेदपुर प्लांट में अधीकृत यूनियन "टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन" की कमेटी मीटिंग का आयोजन मंगलवार को किया गया। यह बैठक टेल्को के यूनियन कार्यालय में हुई, जिसमें अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने अध्यक्षता की। बैठक में यूनियन के आगामी आम चुनाव 2025-27 की तैयारियों पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने यूनियन के हालिया कार्यों पर प्रकाश डालते हुए, महामंत्री आरके सिंह से कहा कि वे इस मीटिंग का एजेंडा पटल पर रखें। इसके बाद विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर पारित किया गया। महामंत्री आरके सिंह ने आम चुनाव के लिए चुनाव समिति और चुनाव पदाधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, ताकि चुनाव प्रक्रिया संविधान के अनुसार और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
चुनाव अधिकारी के रूप में चिदानंद खंडई का नाम प्रस्तावित किया गया। उनके सहायक के रूप में चार सदस्य - गौरव कुमार, टोटन बनर्जी, धनंजय कुमार मिश्रा, और दुर्गेश कुमार का नाम प्रस्तावित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने ध्वनि मत से इस प्रस्ताव को पारित किया। सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने चुनाव पदाधिकारी का चयन लिखित रूप में किया।
महामंत्री आरके सिंह ने चुनाव की पारदर्शिता और विधि सम्मत प्रक्रिया पर जोर देते हुए कहा कि यह सभी की जिम्मेदारी है कि चुनाव निष्पक्ष रूप से संपन्न हो। साथ ही, वर्ष 2022-24 के दौरान यूनियन द्वारा मजदूर हित में किए गए कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने यूनियन के सभी सदस्यों को उनकी एकजुटता और मेहनत के लिए बधाई दी।
अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने बैठक में कहा कि चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए सभी कर्मचारियों, कमेटी सदस्यों, और पदाधिकारियों को एकता और सामंजस्य के साथ काम करना होगा।
इस अवसर पर यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2017 में गुरमीत सिंह और आरके सिंह के नेतृत्व में यूनियन ने मजदूर हित में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। इस मजबूत टीम का पुनः गठन कर एक आदर्श ट्रेड यूनियन स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने दिया।
What's Your Reaction?






