Karma Mahotsav 2025: बिस्टुपुर गोपाल मैदान में झारखंडी संस्कृति का भव्य संगम, सांसद-विधायक को मिला ‘कुड़मी रत्न’ सम्मान

बिस्टुपुर गोपाल मैदान में कुड़मी सेना द्वारा करम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक जयराम महतो को ‘कुड़मी रत्न’ सम्मान मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झूमर-करम गीतों ने दर्शकों को झारखंडी परंपरा से जोड़े रखा।

Sep 1, 2025 - 08:31
Sep 1, 2025 - 08:39
 0
Karma Mahotsav 2025: बिस्टुपुर गोपाल मैदान में झारखंडी संस्कृति का भव्य संगम, सांसद-विधायक को मिला ‘कुड़मी रत्न’ सम्मान
Karma Mahotsav 2025: बिस्टुपुर गोपाल मैदान में झारखंडी संस्कृति का भव्य संगम, सांसद-विधायक को मिला ‘कुड़मी रत्न’ सम्मान

बिस्टुपुर में संस्कृति का उत्सव

रविवार को बिस्टुपुर गोपाल मैदान पूरी तरह से झारखंडी परंपरा और उत्सव के रंगों में रंगा नजर आया। कुड़मी सेना की ओर से आयोजित करम महोत्सव 2025 में सुबह से ही हजारों लोग उमड़ पड़े। परंपरा के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत करम डाल लगाकर उसकी पूजा से हुई।

यह पर्व सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि समाज की पहचान से जुड़ा हुआ है। यही वजह रही कि जैसे-जैसे दिन ढलता गया, मैदान में लोगों का उत्साह बढ़ता गया।

मंच पर नेताओं और अतिथियों की मौजूदगी

इस महोत्सव की खासियत रही नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो (टाइगर जयराम), पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू, संयुक्त सचिव संतोष महतो और कई अन्य गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।

शाम होते-होते पश्चिम बंगाल के मंत्री श्रीकांत महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी समारोह में पहुंचे। सभी अतिथियों का स्वागत पीले गमछे और पौधा भेंट कर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।

कला और संस्कृति की झलक

सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन की जान रहे। झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल) की गायिका पीहू रानी महतो की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके अलावा झारखंड और ओडिशा से आए कलाकारों ने झूमर और करम गीत गाकर माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंगों में डुबो दिया।

सम्मान समारोह: ‘कुड़मी रत्न’ से लेकर ‘गौरव रत्न’ तक

कार्यक्रम के दौरान कई हस्तियों को विशेष सम्मान प्रदान किए गए।

  • सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक जयराम महतो को ‘कुड़मी रत्न’ सम्मान मिला।

  • राहुल मुर्मू और संतोष महतो को ‘गौरव रत्न’ से नवाजा गया।

  • शहीद निर्मल महतो हत्याकांड के गवाह सह आंदोलनकारी निर्मल भट्टाचार्य को ‘आंदोलनकारी गौरव रत्न’ प्रदान किया गया।

  • शिक्षाविद कृष्णा बनर्जी को ‘शिक्षाविद गौरव रत्न’ से सम्मानित किया गया।

नेताओं के विचार और संदेश

सांसद विद्युत महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए लंबी लड़ाई लड़ी गई और जीती भी गई, अब समय है अपनी भाषा और संस्कृति की लड़ाई लड़ने का। वहीं विधायक जयराम महतो ने युवाओं से अपील की कि चाहे कितना भी विकास क्यों न हो जाए, लेकिन अपनी जड़ों और परंपराओं को न भूलें। उन्होंने करम पूजा को प्रकृति, अनुशासन और विज्ञान से जुड़ा पर्व बताया।

पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने इसे सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया और संतोष महतो ने कहा कि यह पर्व राज्य की अलग पहचान है, जिसे हर हाल में कायम रखना होगा।

टाइगर जयराम महतो का जलवा

इस महोत्सव में सबसे ज्यादा क्रेज डुमरी के विधायक टाइगर जयराम महतो का देखने को मिला। जैसे ही संचालक ने मंच से उनके आने की घोषणा की, लोग उनकी एक झलक पाने के लिए दौड़ पड़े। भीड़ उनकी कार तक पहुंच गई और हर कोई अपने मोबाइल कैमरे में उस पल को कैद करना चाहता था। मंच पर भी लोग उनसे सेल्फी खिंचवाने के लिए उतावले दिखे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Team India मैंने कई कविताएँ और लघु कथाएँ लिखी हैं। मैं पेशे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हूं और अब संपादक की भूमिका सफलतापूर्वक निभा रहा हूं।