Jamshedpur Suicides: एक दिन में तीन आत्महत्याएं, 52 वर्षीय महिला और दो किशोरों ने फांसी लगाकर दी जान
एक दिन में तीन आत्महत्याएं, 52 वर्षीय महिला, 17 और 16 वर्षीय किशोरों ने फांसी लगाकर दी जान, परिवारों में कोहराम।
Jamshedpur Shocker: पूर्वी सिंहभूम जिले में आत्महत्या का दौर नहीं थम रहा है। एक सप्ताह में हर दिन कोई न कोई व्यक्ति आत्महत्या कर रहा है। यहां तक कि कम उम्र के बच्चे भी अब आत्महत्या करने लगे हैं। सोमवार को दो किशोर सहित तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मानगो: बेटे के नशे के डिप्रेशन में महिला ने लगाई फांसी
मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू स्थित कृष्णा रोड में रिता सिंह (52) ने सोमवार दोपहर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराकर मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया।
रिता के पति ने बताया कि बेटा नशे का आदी था, उसी के डिप्रेशन में आकर उसने यह कदम उठाया। मृतका की बेटी की शादी जनवरी में हुई थी।
गोविंदपुर: अकेले घर में 17 वर्षीय किशोर ने लगाई फांसी
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के केसीकुदर में 17 वर्षीय बालक चैतन्य सिंह (17) ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोर के शव को घर में फंदे से लटका देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
चैतन्य वीणा पानी हाई स्कूल लुआबासा में 9वीं का छात्र था। परिवार वाले पार्टी में गए हुए थे, घर पर किशोर अकेला था। तभी मौका पाकर उसने आत्महत्या कर ली।
बोड़ाम: जंगल में पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय किशोर
बोड़ाम थाना क्षेत्र में भी एक नाबालिग किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। वैद्यनाथ बेसरा (16) पहाड़पुर गांव का रहने वाला था। घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित जंगल में एक पेड़ पर उसका शव फंदे से लटकता मिला।
किशोर के पिता सुनील बेसरा ने बताया कि वैद्यनाथ 10 मई को शाम घर से निकला था। उसने मेला में जाने की बात कही थी। दूसरे दिन जंगल में उसका शव मिला। उसके आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आपकी राय क्या है – क्या बढ़ती आत्महत्याओं को रोकने के लिए सरकार को मानसिक स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देना चाहिए? कमेंट में बताएं।
अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत मनोचिकित्सक या हेल्पलाइन (9820466726) से संपर्क करें।
What's Your Reaction?


