जमशेदपुर में बड़ा पुलिस फेरबदल: 11 पुलिस अधिकारियों का तबादला, साकची थाने की कमान आनंद मिश्रा को मिली
जमशेदपुर में एसएसपी किशोर कौशल ने दुर्गापूजा के बाद 11 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया। साकची थाना प्रभारी संजय कुमार की जगह आनंद मिश्रा को नियुक्त किया गया है।

जमशेदपुर, 15 अक्टूबर 2024: दुर्गापूजा पर्व समाप्त होते ही जमशेदपुर में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया। सोमवार को एसएसपी किशोर कौशल ने 11 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसमें सबसे प्रमुख बदलाव साकची थाना प्रभारी का हुआ है। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र साकची थाना में संजय कुमार को हटाकर उनकी जगह रांची से आए आनंद कुमार मिश्रा को नियुक्त किया गया है।
आनंद कुमार मिश्रा 94 बैच के अधिकारी हैं और जमशेदपुर उनके लिए नया नहीं है। इससे पहले वह परसुडीह और गोविंदपुर थानों में प्रभारी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने टेल्को थाना में भी दारोगा के रूप में कार्य किया है। अब साकची थाना की कमान संभालना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होगी, क्योंकि साकची शहर का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं।
इसके अलावा बागबेड़ा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा को समय से पहले हटाकर उनकी जगह पुलिस लाइन से गोपाल कृष्ण यादव को नियुक्त किया गया है। इसी तरह मुसाबनी थाना प्रभारी रजनीश आनंद को पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया गया है। पोटका थाना प्रभारी समीर तिर्की को भी हटाकर नया जिम्मा सौंपा गया है। सुंदरनगर से अवर निरीक्षक राजेश कुमार मंडल को जादूगोड़ा का थाना प्रभारी बनाया गया है।
समय से पहले इन चार पुलिस अधिकारियों को हटाने के लिए डीआईजी से अनुमति ली गई थी। इसके साथ ही अन्य पुलिस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। कुल 11 अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है और सभी को तुरंत अपने नए पदस्थापना स्थल पर योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल के बाद उम्मीद है कि कानून-व्यवस्था और बेहतर ढंग से संभाली जाएगी और नए अधिकारियों से शहर में अपराध पर अंकुश लगेगा।
What's Your Reaction?






