chakulia Elephant Attack: चाकुलिया में हाथियों के हमले से वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम के तीन सदस्य घायल
चाकुलिया प्रखंड के मौरबेड़ा गांव में हाथियों के हमले से वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम के तीन सदस्य घायल। इलाज के लिए झाड़ग्राम रेफर। ग्रामीणों में दहशत।
चाकुलिया (झारखंड): चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव में शुक्रवार की शाम हाथियों के हमले से वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में धर्मा सोरेन, अभिषेक सिंह और आशीष मांडी शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद तीनों को स्थानीय लोगों और टीम के अन्य सदस्यों की मदद से चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, मौरबेड़ा गांव के पास लगभग छह हाथियों का दल मौजूद था। हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम के सात सदस्य पहुंचे थे। इसी दौरान हाथियों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
इस हमले में पश्चिम बंगाल के गोईदो निवासी धर्मा सोरेन की गर्दन और छाती पर चोटें आईं, जबकि लोधाशोली पंचायत के देवशोल निवासी अभिषेक सिंह और चाकुलिया नगर पंचायत के दिघी गांव निवासी आशीष मांडी को अंदरूनी चोटें लगीं।
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। हाथियों की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से गांव के आसपास घूम रहा है, जिसके कारण फसलों को नुकसान हो रहा है और लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
पुलिस और वन विभाग की सक्रियता
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि हाथियों को आबादी से दूर भगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। वहीं, पुलिस भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
What's Your Reaction?


